-अस्पताल पहुंचकर डीआईजी ने जाना घायल का हाल

-आरोपी विशेष संप्रदाय का होने के चलते क्षेत्र में तनाव

- तहरीर पर पुलिस ने किया आरोपी दानिश को गिरफ्तार

Meerut : कोतवाली के ठठेरवाडा में ठेले पर सब्जी बेचने वाले ने एक युवक को चाकू मार दिया। सब्जी के उधारी रुपयों में चार रुपए का अंतर होने के कारण यह विवाद हुआ। आरोपी युवक विशेष संप्रदाय का होने के कारण क्षेत्र के व्यापारियों व भाजपाईयों में रोष फैल गया। घटना की जानकारी मिलने पर डीआईजी लक्ष्मी सिंह खुद घायल युवक को देखने के लिए केएमसी अस्पताल पहुंची और युवक के परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर व्यापारी शांत हुए। वहीं पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिला।

सब्जी के पैसे पर हुआ विवाद

कोतवाली थाना क्षेत्र ऊंचा सद्दीक नगर निवासी दानिश सब्जी बेचने का काम करता है। एक सप्ताह पूर्व दानिश से क्षेत्र के ठठेरवाड स्थित करम अली निवासी अनिल पुत्र स्व। तेज सिंह ने सब्जी खरीदी थी। जिसमें से 4 रुपये बकाया रह गए थे। शुक्रवार दोपहर दानिश केलों का ठेला लेकर करम अली आया और अनिल से बकाया 4 रुपये मांगे। अनिल ने रुपये देने से इंकार कर दिया और कहा कि उसकी सब्जी खराब निकल गई थी। जिसे उसने फेंक दिया था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दानिश ने ठेले से चाकू उठाकर अनिल के पेट में घोंप दिया। चाकू लगते ही अनिल लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। घटना को अंजाम देकर दानिश ठेला छोड़कर फरार हो गया।

हॉस्पिटल में कराया भर्ती

सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को गंभीर हालत में केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना का पता चलने पर भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना, उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस से कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो वह आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

घटना से तनाव बरकरार

वहीं घटना से करमअली मोहल्ले में तनाव पैदा हो गया है। जिसकी सूचना मिलने के बाद डीआईजी लक्ष्मी सिंह खुद अस्पताल में युवक को देखने के लिए पहुंची और उसका हाल जाना। डीआईजी ने घायल युवक के परिजनों व भाजपाईयों को निष्पक्ष कार्रवाई करने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद भाजपाईयों शांत हुए।

पीडि़त की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

अजय सहदेव, एसपी क्राइम