नई दिल्ली (एएनआई)। G20 Summit : देश की राजधानी दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जी20 शिखर सम्मेलन से पहले मंत्रिपरिषद की बैठक की। इस दाैरान सभी मंत्रियों को जी20 शिखर सम्मेलन से पहले 'जी20 इंडिया' मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐप मंत्रियों को विदेशी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने में मदद करेगा। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में होने वाले जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले एक महत्वपूर्ण डिजिटल मील का पत्थर चिह्नित करते हुए 'जी20 इंडिया' नामक मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया है। ऐप यूजर्स को एक इंटरैक्टिव गाइड प्रदान करता है। प्लेटफाॅर्म की विशेषताओं में 'जी20 इंडिया' 2023 इवेंट से जुड़ी हर जानकारी शामिल है।

जी20 इंडिया ऐप लॉन्च हुआ
इस वर्ष 9-10 सितंबर को भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन से पहले भारत सरकार ने जी20 इंडिया ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप भारत की जी20 अध्यक्षता तक काम करेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार तक ग्लोबल लेवल पर 15000 से अधिक मोबाइल ऐप डाउनलोड किए गए। जी20 इंडिया मोबाइल ऐप प्रतिनिधियों को सभी जी20 देशों की भाषाओं में विदेशी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने में मदद करेगा। जी20 इंडिया ऐप के साथ, भारतीय मंत्री विदेशी प्रतिनिधियों के साथ भाषा के साथ-साथ संचार बाधाओं को भी दूर कर सकते हैं।

24 भाषाओं में एक्सेस होगा ऐप
जी20 इंडिया मोबाइल ऐप में ऐसी सेवाएं बनाई गई हैं, जिन्हें लोग 24 भाषाओं में एक्सेस कर सकते हैं। भारत 9-10 सितंबर तक नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए वर्ल्ड लीडर नई दिल्ली पहुंचेंगे। शिखर सम्मेलन नई दिल्ली के प्रगति मैदान में अत्याधुनिक भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि भारत ने पिछले साल 1 दिसंबर को जी20 की अध्यक्षता संभाली थी और देश भर के 60 शहरों में जी20 से संबंधित लगभग 200 बैठकें आयोजित की गईं थीं।

National News inextlive from India News Desk