पुलिस को मिली चालान बुक, रोज का टारगेट

जारी हुआ अचानक चेकिंग का मैसेज, होगी कार्रवाई

GORAKHPUR:

शहर में मास्क न पहनने की 10 गुना कीमत चुकानी पड़ेगी। मॉस्क न पहनने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। थानेदारों के लिए टारगेट तय करते हुए चालान बुक इश्यू कर दिया गया है। चेकिंग के दौरान चालान काटकर मौके पर जुर्माना भी वसूल किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मास्क न पहनने पर जुर्माना वसूलने का निर्देश है। इसको देखते हुए सभी को अलर्ट किया गया है। यदि कोई बिना मास्क पहने मिलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। आमतौर पर मार्केट में 15 से 20 रुपए में मास्क उपलब्ध हैं। हालांकि कोरोना संक्रमण को देखते हुए अलग-अलग मास्क पहनने की गाइड लाइंस भी है।

तत्काल चालान करके वसूलेंगे जुर्माना

कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए लॉक डाउन फाइव में सख्ती शुरू हो गई है। मार्केट खुलने पर एक तरफ सोशल डिस्टेसिंग के पालन पर जोर दिया जा रहा है। तो दूसरी ओर रोस्टर के अनुसार दुकानें खुलने की जांच की जा रही है। मंगलवार को शहर में पब्लिक की ज्यादा भीड़ नजर आई। तमाम लोग बिना मास्क के घूमते नजर आए। इसको देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने सख्ती बरतने का फैसला लिया है। चेकिंग अभियान चलाकर रोजाना मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। दोपहर करीब तीन बजे मास्क की चेकिंग का आदेश जारी हुआ। सभी थानेदारों को बताया गया कि अनिवार्य रूप से चेकिंग की जाएगी। चेकिंग के दौरान बिना मास्क के पकड़े गए लोगों का चालान काटकर उनको रसीद दी जाएगी। इसका जुर्माना भी वसूल किया जाएगा। यह भी बताया गया जिन लोगों ने मास्क चालान बुक नहीं लिया है। वह तत्काल अपने थाने इसे उपलब्ध कराएं।

20 रुपए का मास्क, देना होगा 200 का जुर्माना

पब्लिक प्लेस पर मास्क न पहनने पर दो सौ रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया है। चालान करने वाली पुलिस टीम बिना मास्क वालों का चालान काटकर तत्काल जुर्माना वसूल करेगी। संबंधित को जुर्माना की रसीद देते हुए उसे मास्क पहनने की शपथ दिलाई जाएगी। आमतौर पर बाजार में कपड़े का मास्क औसतन 20 रुपए में उपलब्ध हैं। मास्क की क्वालिटी, उसकी खासियत के अनुसार रेट तय है। एन-95 फाइव से लेकर अन्य तरह के मास्क लोग यूज कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मास्क के लिए निर्धारित गाइड लाइंस का पालन न होने पर कार्रवाई तय है।

मास्क के लिए गाइड लाइंस

1. जिन लोगों को किसी प्रकार की बीमारी नहीं है, उन्हें सांस लेने में प्रॉब्लम नहीं है। वह लोग बाहर निकलते समय घर में बना मास्क पहन सकते हैं।

2. घर में बने मास्क या फेस कवर कोरोना वायरस से पीडि़त मरीज, उनका उपचार कर रहे लोगों के लिए सही नहीं होता है।

3. हर व्यक्ति के लिए कम से दो मास्क होने चाहिए ताकि उनको धुलकर साफ किया जा सके।

4. एक मास्क को दूसरे व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। हर व्यक्ति के लिए मास्क होना चाहिए।

5. पब्लिक प्लेस पर मास्क पहनना अनिवार्य है। इसलिए घर से निकलते समय हर व्यक्ति को चाहिए कि मास्क यूज करें।

मास्क के इस्तेमाल करने के तरीके

1. मास्क पहनने के पहले अपने हाथों को साफ करें। सेनेटाइजर या साबुन से हाथ धोएं।

2. मास्क ऐसे पहने की मुंह और नाक पूरी तरह से ढक जाए। कोशिश करें कि मास्क और मुंह के बीच जगह खाली न हो।

3. मास्क पहनते समय मास्क को ना छुएं। मास्क की बेल्ट से ही उसे पहने, सिंगल यूज मास्क को री यूज करने से बचें।

4. मास्क उतारते समय उसे पीछे की ओर से उतारें, सामने की तरफ उसे हाथ ना लगाएं। सिंगल यूज को डस्टबीन में डाले।