अहमदाबाद (एएनआई)। Gujarat Assembly Elections 2022 : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची में भाजपा ने दो महिलाओं को टिकट दिया है। इसमें धोराजी से महेंद्रभाई पडलिया, खंभालिया से मुलुभाई बेरा, कुटियाना से ढेलीबेन मालदेभाई ओदेदरा, भावनगर पूर्व से सेजल राजीव कुमार पांड्या, देदियापाड़ा (एसटी) से हितेश देवजी वसावा और चोरयासी से संदीप देसाई को मैदान में उतारा गया है।

पहली सूची में थे 160 नाम
इससे पहले गुरुवार को बीजेपी ने आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 182 सीटों में से 160 उम्मीदवारों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। 160 उम्मीदवारों की पहली सूची में 14 महिलाएं, 13 अनुसूचित जाति से, 24 अनुसूचित जनजाति से और 69 उम्मीदवार हैं जिन्हें दोहराया गया है। राज्य में एक और पांच दिसंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले दौर में कुल 182 विधानसभा सीटों में से 89 पर मतदान होगा और प्रमुख राजनीतिक दलों ने लगभग इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।


स्टार प्रचारकों की सूची तैयार
बीजेपी ने आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है। सूची में सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। सूची में अन्य प्रमुख नामों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय कैबिनेट के साथी स्मृति ईरानी, ​​धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मंडाविया और पुरुषोत्तम रूपाला शामिल हैं। यहां चुनाव 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में होंगे। इसके साथ ही मतगणना 8 दिसंबर को होगी।

National News inextlive from India News Desk