चंडीगढ़/नई दिल्ली(एएनआई)। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मतदान का इंतजार आज सोमवार को खत्म हो गया है। यहां सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। हरियाणा में कुल 1169 उम्मीदवार मैदान में हैं और मतदाता 19578 के मतदान केंद्रों पर अपना मतदान करेंगे। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल के मुताबिक 1,07,955 सर्विस वोटर्स समेत यहां कुल 1,83,90,525 रजिस्टर्ड वोटर्स हैं।

85.12 लाख फीमेल वोटर्स

हरियाणा में 98.78 लाख मेल वोटर्स हैं, और 85.12 लाख फीमेल वोटर्स हैं। इसके अलावा 252 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं। शहरी क्षेत्रों में 5,741 और ग्रामीण क्षेत्रों में 13,837 मतदान केंद्र हैं। इस विधानसभा चुनाव के लिए कुल 29,400 बैलेट यूनिट, 24,899 कंट्रोल यूनिट और 27,611 वीवीपीएटी मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। हरियाणा में मतदान केंद्रें पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम हुए

चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 75,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात है। वहीं सभी रेंज एडीजीपी/आईजी, पुलिस आयुक्त और जिला एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने एरिया में कानून व्यवस्था बनाए रखें। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 130 कंपनियां राज्य भर में प्रत्येक नाके पर तैनात की गई हैं। उड़न दस्तों और अन्य निगरानी टीमों द्वारा निगरानी काफी ज्यादा है।

26,896 राज्य पुलिस कर्मी

हरियाणा में 26,896 राज्य पुलिस कर्मी, 22,806 होमगार्ड वाॅलियंटर्स, 7,936  स्पेशल पुलिस ऑफिसर और 6,001 पुलिस ट्रेनी चुनाव ड्यूटी पर हैं। हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव ने चेतावनी दी कि चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य में कानून-व्यवस्था को खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

कई सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला

बता दें कि हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में कई सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला होगा। मैदान में आने वाली पार्टियों में भाजपा, कांग्रेस, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) शामिल हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही भाजपा हरियाणा में अपने दम पर मैदान में डटी है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव की मतगणना 21 अक्टूबर को होगी।