-गुरुवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया

-दिन में 5 किमी की रफ्तार से चली हवाओं ने किया शहरवासियों को परेशान

KANPUR:

गुरुवार को पूरे दिन धुंध व कोहरे की परत को सूरज पार नहीं कर सका। जिसके कारण कानपुराइट्स शीतलहर से कांप गए। धूप न निकलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से भी 7 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। रही सही कसर पश्चिमी हवाओं ने पूरी कर दी। बर्फीली हवाओं ने सभी को परेशान किया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी करीब 48 घंटे ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

पश्चिमी हवाओं से बढ़ी शीत लहर

चन्द्रशेखर आजाद एग्रीकल्चर एण्ड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ। अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि थर्सडे को सिटी में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस के बजाय 15.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आसमान की ऊपरी सतह पर धुंध की लेयर बन गई है। कोहरा व धुंध की लेयर को सूरज नहीं भेद पाया दोपहर करीब दो बजे चन्द्रमा की तरह सूरज नजर आया। न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। आने वाले 48 घंटे इसी तरह के मौसम रहने की उम्मीद जताई जा रही है। गुरुवार को दिन में 5 किमी व देर शाम 7 किमी की रफ्तार से चली पश्चिमी हवाओं ने आम लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया।