RANCHI: राजधानी में बढ़ते पॉल्यूशन से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। यह देखते हुए रांची नगर निगम ने रांची को हर्बल सिटी बनाने की ओर कदम बढ़ा दिया है। जिससे कि वार्डो की आबो हवा शुद्ध होगी। वहीं सिटी के लोग कई तरह की छोटी-मोटी बीमारियों से दूर रहेंगे। इसके तहत वार्ड 26 में डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और डॉ। सुरेश चंद्र अग्रवाल ने हर्बल प्लांट लगाए। डॉ। अग्रवाल ने कहा कि यदि लोगों के पास इसकी जानकारी हो और वे अपने घर के बगीचे में इस प्लांट को लगा लें तो आधी आबादी डॉक्टर के पास जाने से बच जाएगी।

हर वार्ड में 4 हर्बल प्लांट

नगर निगम के अंतर्गत 53 वार्ड हैं, जहां चार प्रकार के पांच-पांच हर्बल प्लांट लगाए जाएंगे। ऐसे में एक वार्ड में 20 प्लांट लगेंगे। वहीं सभी वार्डो की बात करें तो 1060 प्लांट्स लगाए जाएंगे। इस अभियान में तेजी लाने के लिए सभी वार्ड पार्षद भी सपोर्ट में उतर आए हैं। ये प्लांट सिटी के धार्मिक स्थल, पब्लिक प्लेस, स्कूल और पार्क में लगाने की योजना है।