कानपुर। भारतीय क्रिकेट टीम इस बार भले ही होली के दो दिन बाद मैदान में उतर रही है। मगर टीम इंडिया का होली से काफी गहरा नाता है। क्रिकेट इतिहास में भारत ने होली पर दो बड़े मैच खेले और दोनों बार जीत हासिल की। ये दोनों वर्ल्डकप मुकाबले थे। हैरान करने वाली बात तो ये है कि दोनों बार टीम इंडिया का वेस्टइंडीज से सामना हुआ और हर बार जीत भारत को नसीब हुई। पहला मुकाबला 2011 वर्ल्डकप का था तो दूसरा 2015 में खेला गया विश्वकप था जिसमें होली पर भारत ने वेस्टइंडीज को ही हर बार हराया।

holi 2020: टीम इंडिया ने होली पर लगातार दो वर्ल्डकप में हराया है वेस्टइंडीज को

2011 में होली पर 80 रन से मिली जीत

साल 2011 विश्वकप का आयोजन भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में किया गया था। भारत इसमें विश्व चैंपियन बना था मगर फाइनल में श्रीलंका को हराने के अलावा होली पर जब टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को मात दी तो पूरा देश रंगो के जश्न में डूब गया था। यह टूर्नामेंट का 42वां मैच था। जिसमें भारत ने पहले खेलते हुए 268 रन पर बनाए। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 113 रन युवराज सिंह ने बनाए थे। इसके अलावा कोहली ने 59 रन की पारी खेली थी। जवाब में विंडीज टीम 188 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से जहीर खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए थे वहीं अश्विन और युवी ने 2-2 विकेट लिए। वहीं रैना और हरभजन ने एक-एक विकेट चटकाया। जिसके चलते भारत ने 80 रनों से मैच जीता।

holi 2020: टीम इंडिया ने होली पर लगातार दो वर्ल्डकप में हराया है वेस्टइंडीज को

2015 की होली पर फिर हराया विंडीज को

2011 में भारत के हाथों हारने के बाद वेस्टइंडीज अगले वर्ल्डकप में फिर होली वाले दिन टीम इंडिया से भिड़ी। 2015 विश्वकप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में किया गया था। टूर्नामेंट का 28वां मैच भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच पर्थ में खेला गया। जिस दिन टीम इंडिया मैदान में उतरी उस दिन पूरा भारत देश रंगों के उल्लास में डूबा था। भारतीय टीम पिछले विश्वकप में कैरेबियंस को मात दे चुकी थी। इस बार भी भारतीय सेना से यही उम्मीद थी। खैर भारत ने निराश नहीं किया और इस बार विंडीज को 4 विकेट से हराया। ये मुकाबला भी धोनी की अगुआई में खेला गया था। विंडीज ने पहले खेलते हुए 182 रन बनाए। अब बारी थी भारतीय बल्लेबाजों की, हालांकि भारत को यह आसान लक्ष्य हासिल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। भारत ने अपने छह विकेट गंवा दिए थे, अंत में धोनी ने नाबाद 45 रनों की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk