- वर्ष 2019 में 10 जुलाई को छपरा के डोरीगंज में हुई थी शादी

- कुछ माह पूर्व से पति बाइक के लिए कर रहा था प्रताडि़त

PATNA : अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार धनुकी मोहल्ला में एक विवाहिता को बाइक नहीं मिलने पर ससुराल वालों द्वारा उसकी गला दबाकर हत्या करने और इसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप सामने आया है। पूर्वी एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित पति गंगा सागर को गिरफ्तार किया गया है। नामजद पति के भाई व भाभी की खोज में छापेमारी जारी है। पुलिस ने विवाहिता की लाश को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा। दहेज प्रताड़ना में हत्या किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने लाश परिजनों को सौंप दिया। छपरा जिला के डोरीगंज निवासी राजदेव महतो के पुत्र गो¨वदा ने बताया कि 20 वर्षीया बहन अंजू देवी की दहेज के लिए उसके पति व ससुराल वालों ने मिल कर हत्या कर दी है। बहन की शादी वर्ष 2019 में 10 जुलाई को हुई थी। शादी के समय मुंह मांगा दहेज दिया गया था। कुछ माह पूर्व से पति गंगा सागर बाइक के लिए बहन को प्रताडि़त कर रहा था। बहन ने बाइक मांगने की बात परिजनों को बताई थी। इस बात पर पंचायत भी हुई। पंचायत में ससुराल वालों ने भरोसा दिया था कि वे दोबारा विवाहिता के साथ मारपीट नहीं करेंगे। इसके बाद वे लोग बहन को विदा कर ले आए। भाई गो¨वदा ने बताया कि शुक्रवार की रात ही दहेज के लिए बहन की गला दबा कर हत्या किए जाने के बाद लाश को पति ठेला पर लेकर ठिकाने लगाने के लिए जा रहा था। संबंधियों और पड़ोसियों के टोकने पर लाश लेकर घर लौटा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। नैहर वालों को सूचना मिलते ही परिवार के लोग अगमकुआं थाना पहुंचे। अगमकुआं थानाध्यक्ष अभिजित कुमार ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर से विवाहिता की लाश बरामद किया। विवाहिता की मौत के बाद से ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।