-संगम नोज पर दुकानें लगाने को लेकर नाराज हुई टीम

ALLAHABAD: अमेरिकन कंपनी आईबीएम के दो सदस्यों ने शुक्रवार सुबह संगम क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संगम पर गंदगी दिखने पर नाराजगी व्यक्त की। हालांकि, यहां की सुंदरता और शांति ने उनका दिल भी जीता। इस मौके पर उन्होंने नगर निगम के पर्यवेक्षक सुनील गुप्ता से संगम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मोटर बोट से किया भ्रमण

आईबीएम टीम में शामिल ममता शर्मा और कर्नल निरंजन पांडेय सुबह करीब साढ़े दस बजे संगम एरिया पहुंचे। वहां उन्हें कीचड़ से बचकर चलने में दिक्कत पेश आई। इसके बाद उन्होंने मोटरबोट से संगम का सफर तय किया। यमुना में तैर रही गंदगी पर वह चिंतित नजर आए। कर्नल पांडेय ने गंगा के प्रदूषित क्षेत्रों की जानकारी ली। बताया गया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी साफ कर छोड़ा जाता है, इसलिए ऐसे क्षेत्र बता पाना मुश्किल है। बोट क्लब के समीप इलाहाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और संगम क्षेत्र छावनी परिषद में होने की भी जानकारी दी गई। गंगा के पानी के मटमैला होने पर भी उन्होंने कई सवाल किए। वापसी में बड़े हनुमान जी के दर्शन किए। सदस्यों ने संगम नोज पर लगने वाली दुकानों पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाकर आपत्ति दर्ज कराई.बता दें कि कंपनी के डीजीएम अशोक कुमार मिश्रा और डीजीएम स्मार्ट सिटी नार्थ एवं ईस्ट हिमांशु शेखर गुरुवार रात लखनऊ चले गए थे।

नगर निगम में कमांड सेंटर बने

इसके बाद सदस्यों ने महापौर अभिलाषा गुप्ता के साथ बैठक कर नगर निगम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर कमांड के लिए नगर आयुक्त कार्यालय में कमांड सेंटर बनाने का सुझाव दिया। ममता शर्मा ने तकनीक संग सोशल मीडिया के बेहतर इस्तेमाल के लिए कमांड सेंटर स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्मार्ट सिटी में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का भी सुझाव दिया। निगम की सहमति बनने पर कमांड सेंटर के लिए कंपनी प्रोजेक्ट भी बनाकर देगी। सेंटर के बनने से जीआईएस डेटा, पब्लिक ग्रीवांस सिस्टम, ई-टेंडर, टैक्सेशन आदि व्यवस्थाएं उससे सीधे जुड़ जाएंगी। ममता शर्मा ने महापौर को बताया कि विशेषज्ञ मौजूदा व्यवस्था का अध्ययन कर फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करेंगी। बैठक में नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय, मुख्य अभियंता लोकेश जैन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ। अरुण कुमार, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान आदि शामिल रहे।