वाणिज्य, आयकर और श्रम विभाग में नहीं है पंजीकरण

फीरोजाबाद : शहर से करीब दस किमी दूर देहात में अवैध तरीके से पोटेशियम नाइट्रेट तैयार करने का धंधा चल रहा था। मामले की गूंज मुख्यमंत्री के कानों तक पहुंची तो प्रशासन सजग हुआ।

एटा के लोगों ने की शिकायत

एटा जनपद के जलेसर निवासी कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को शिकायती पत्र भेजा। इसमें कहा गया उनके यहां अवैध तरीके से पोटेशियम नाइट्रेट तैयार किया जाता था। शिकायत पर प्रशासन ने फैक्ट्री बंद करा दी थी, लेकिन अब इन लोगों ने फीरोजाबाद के गांव बरतरा में फैक्ट्री खोल ली है। ये लोग अवैध तरीके से मूरित ऑफ पोटाश से पोटेशियम नाइट्रेट तैयार करते हैं। ये जलेसर से ट्रकों के जरिए माल बरतरा फैक्ट्री पर ले जाते हैं, जहां 50-60 लोगों के द्वारा पोटेशियम नाइट्रेट तैयार किया जाता है। डीएम ने मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट रमेश चंद्र को सौंपी। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट रमेश चंद्र ने प्रदूषण विभाग, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों को साथ लेकर गांव बरतरा पहुंचे। यहां किसी तरह का कोई कागजात न मिलने पर फैक्ट्री पर ताला लगा दिया है।