किन्नौर (एएनआई)। स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता 106 वर्षीय श्याम सरन नेगी का शनिवार सुबह हिमाचल प्रदेश के कल्पा में उनके पैतृक स्थान पर निधन हो गया। उन्होंने राज्य के 14 वें विधानसभा चुनाव में अपना अंतिम वोट डाला। श्याम सरन नेगी ने स्वतंत्र देश में अपना पहला वोट 23 अक्टूबर 1951 को कल्पा मतदान केंद्र में डाला था, जो देश के पहले मतदाता बने और उन्होंने इस साल 2 नवंबर को 34वीं बार वोट डाला जो उनका आखिरी वोट बन गया। 106 वर्षीय सरन नेगी ने दो नवंबर को डाक मतपत्र के जरिए मतदान किया था। पीएम मोदी ने उनके मतदान की सराहना भी की थी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया दुख
वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नेगी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता और किन्नौर के रहने वाले श्याम सरन नेगी जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। भगवान उनकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को शक्ति प्रदान करें। उन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए 2 नवंबर को 34वीं बार विधानसभा चुनाव के लिए अपना डाक वोट डाला, यह स्मृति हमेशा भावुक कर देगी।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
किन्नौर के उपायुक्त अमनदीप गर्ग ने कहा कि नेगी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी, मनीष गर्ग ने कहा कि उन्होंने मतदाताओं की पीढ़ियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मताधिकार के अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। नेगी एक नेक इंसान थे और मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार के सदस्यों को अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।

National News inextlive from India News Desk