कानपुर। भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा। क्वींस पाॅर्क ओवल मैदान में आयोजित इस मैच में विराट सेना सालों से चले आ रहे जीत के रिकाॅर्ड को बरकरार रखना चाहेगी। भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में कुल 14 वनडे खेले गए हैं जिसमें छह में भारत को जीत मिली तो वहीं सात में मेजबान टीम को जीत मिली। इस दौरान एक मैच बेनतीजा रहा था। बता दें यहां भारत को आखिरी हार साल 2006 में मिली थी, उसके बाद भारत ने सभी मैच जीते हैं।
यहां 1983 में खेला था पहला वनडे
पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान पर भारत ने पहला वनडे 1983 में खेला था। उस वक्त भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव थे। कपिल की अगुआई में भारत ने टाॅस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। विंडीज ने पहले खेलते हुए 215 रन का स्कोर बनाया अब भारत को जीत के लिए 216 रन बनाने थे मगर टीम इंडिया 163 रन ही बना सकी और भारत इस मैदान पर पहला ही मैच 52 रनों से हार गया।
1997 में मिली पहली जीत
इस मैदान पर टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली वनडे जीत 1997 में मिली थी। उससे पहले भारत यहां चार मैच खेल चुका था और हर बार हार मिलती थी। साल 1997 में भारत ने सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में मेजबान टीम को उनके घर पर ही 10 विकेट से हराया था। इसी के साथ पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत को पहली जीत दिलाने का रिकाॅर्ड कप्तान सचिन तेंदुलकर के नाम हो गया।
कुल 4 भारतीय कप्तानों को मिली जीत
पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत को अब तक चार कप्तानों ने वनडे में जीत दिलाई है। इसमें सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, सुरेश रैना और विराट कोहली का नाम आता है। बता दें रैना और कोहली ने यहां 2-2 मुकाबले जीते हैं। भारत को दो बार विश्व चैंपियन बनाने वाले एमएस धोनी को यहां एक भी मैच में जीत नहीं मिली।
13 साल से नहीं हारे
इस मैदान पर भारत को आखिरी हार 2006 में मिली थी। उसके बाद से भारत ने यहां पांच वनडे खेले हैं जिसमें चार में जीत दर्ज की। वहीं 2017 में खेला गया एक मैच बेनतीजा रहा।
आखिरी मैच खेला था 2017 में
पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत ने आखिरी वनडे मुकाबला 2017 में खेला था। उस वक्त भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ही थे। कोहली की कप्तानी में भारत ने ये मुकाबला 105 रनों से जीता था। रनों के लिहाज से इस मैदान में भारत की सबसे बड़ी जीत यही है।
Ind vs WI : वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ उतारा 6 फुट लंबा और 140 किलो वजनी क्रिकेटर
पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे परिणाम -
साल | मैच परिणाम |
1983 | 52 रन से हार |
1989 | 6 विकेट से हार |
1989 | 6 विकेट से हार |
1997 | 8 विकेट से हार |
1997 | 10 विकेट से जीत |
2002 | 7 विकेट से हार |
2002 | 56 रन से जीत |
2006 | 6 विकेट से हार |
2006 | 19 रन से हार |
2011 | 4 विकेट से जीत |
2011 | 7 विकेट से जीत |
2013 | 102 रन से जीत |
2017 | बेनतीजा |
2017 | 105 रन से जीत |
Posted By: Abhishek Kumar Tiwari
Cricket News inextlive from Cricket News Desk