JAMSHEDPUR: टाटा स्टील में बहुत ही जल्द ही कर्मचारी सुबह आठ से शाम आठ और शाम आठ से सुबह आठ बजे तक की 12 घंटे की ड्यूटी करेंगे। न्यू बार मिल और ¨सटर प्लांट में नई व्यवस्था को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाएगा। 10 दिन ट्रायल होने के बाद सफल होने पर इसे पूरे प्लांट में क्रियान्वित किया जाएगा। कोरोना वायरस के असर को देखते हुए कंपनी प्रबंधन चार के बजाए कर्मचारियों से दो शिफ्ट में ही ड्यूटी कराएंगे।

यूनियन को दी जानकारी

टाटा स्टील प्रबंधन ने सोमवार को नई व्यवस्था के विषय पर टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्षस्थ नेतृत्व को यह जानकारी दे दी है। नई व्यवस्था के तहत टाटा स्टील के कर्मचारी पहले सप्ताह 48 घंटे जबकि दूसरे सप्ताह 36 घंटे की ड्यूटी करेंगे। सोमवार को ड्यूटी करने पर उनकी मंगलवार को छुट्टी रहेगी और फिर वे बुधवार को वापस ड्यूटी पर जाएंगे। यही व्यवस्था पूरे सप्ताह के लिए प्रभावी रहेगा। टाटा स्टील में 13 हजार स्थायी व लगभग 20 हजार ठेका कर्मचारी कार्यरत हैं। न्यू बार मिल में 136 जबकि ¨सटर प्लांट में 650 कर्मचारी कार्यरत हैं।

जोखिम कम करना है उद्देश्य

टाटा स्टील प्रबंधन ने सोमवार को आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि हमारा उद्देश्य कोरोना वायरस के बीच कर्मचारियों के जोखिम को कम करना है, ताकि वे बाहरी वातावरण के कम से कम संपर्क में आएं। इसके लिए झारखंड सरकार ने फैक्ट्रीज एक्ट 1948 के तहत साप्ताहिक मजदूरी, दैनिक काम के घंटे और आराम के अंतराल के प्रावधानों में छूट दी है। हम ऐसे शिफ्ट पैटर्न बना रहे हैं, ताकि शॉप फ्लोर पर कर्मचारियों की संख्या कम रख सकें। टाटा स्टील अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और हित के लिए प्रतिबद्ध है।