जमशेदपुर (ब्यूरो): हिंदूवादी संगठन सनातन उत्सव समिति लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए स्टिकर अभियान चलाएगी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और नवीन विग्रह स्थापना के साथ ही रामभक्तों की वर्षों पुरानी प्रतिक्षा सफ़ल हुई। इससे गौरवान्वित सनातन उत्सव समिति ने भाजपा के समर्थन में व्यापक माहौल बनाने का निर्णय लिया है। समिति के संस्था प्रमुख हिंदुवादी नेता चिंटू सिंह ने बताया कि &जो राम को लाये हैं, हम उनको लाएंगे&य जनसंपर्क अभियान का नारा है।

स्टिकर का लोकार्पण

श्री सिंह ने कहा कि यह केवल नारा नहीं बल्कि प्रत्येक श्रीराम भक्त का संकल्प है। उक्त नारे से अंकित एक लाख स्टिकर शहर भर में चस्पा किए जाएंगे। स्टिकर पर स्लोगन के साथ ही श्री अयोध्या धाम मंदिर और भगवान श्रीराम की तस्वीर है। वहीं मंदिर स्थापना में मुख्य योगदान सुनिश्चित करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी स्टिकर पर अंकित है। सनातन उत्सव समिति ने गुरुवार को साकची हनुमान मंदिर के नजदीक कार्यालय में स्टिकर का लोकार्पण किया।

आज से अभियान

चिंटू सिंह ने कहा कि समिति के कार्यकर्ता शुक्रवार से शहर में स्टिकर अभियान चलाएंगे और एक सप्ताह तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर सभी रामभक्तों के घर और प्रतिष्ठान तक पहुंचने का लक्ष्य है। सनातन उत्सव समिति के इस अभियान में स्वेच्छा से लोग शामिल हो सकते हैं। चिंटू सिंह ने कहा की अयोध्या राम मंदिर में विग्रह स्थापना के बाद से रामभक्तों में जबरदस्त उत्साह है। जनसंपर्क अभियान चलाकर पीएम मोदी, आरएसएस और भाजपा के योगदान को लोगों के बीच प्रचारित किया जाएगा। इसके साथ ही वर्षों तक मंदिर निर्माण को रोकने वाली पार्टी के नियत और तुष्टिकरण के एजेंडों को भी जनता के बीच प्रचारित करेंगे।

इनकी रही मौजूदगी

इस मौके पर अंकित आनंद, बलबीर मंडल, जोगिंदर सिंह जोगी ने भी संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में सनातन उत्सव समिति के संस्थापक चिंटू सिंह, हिंदू जागरण के जिलाध्यक्ष बलबीर मंडल, जोगिंदर सिंह जोगी, अधिवक्ता प्रभात शंकर तिवारी, पूर्व भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद, सनातन उत्सव समिति के वीर सिंह, अध्यक्ष ललित राव, राहुल दुर्गे, कुलदीप सिंह, सन्नी सिंह, आशीष मिश्रा, रॉकी सिंह, शुभम झा, राहुल सिंह मुंडा, कुणाल मुंडा, सचिन सोनकर, अभिकान्त ओझा, सौरभ हल्दार सहित अन्य मौजूद रहे।