JAMSHEDPUR: च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तहत छात्राओं का परीक्षा परिणाम खराब होने के विरोध में मंगलवार को झारखंड छात्र मोर्चा की ओर से ग्रेजुएट कॉलेज की प्रिंसिपल का घेराव किया गया। इससे पहले छात्राओं ने कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ग्रेजुएट कॉलेज की छात्र संघ अध्यक्ष कृतिका सिंह कर रही थी। कहा गया कि छात्राओं के आंतरिक मा‌र्क्स कोल्हान विश्वविद्यालय में भेजने में हुई गलती की सजा छात्राएं भुगत रहीं हैं। इसके बावजूद परीक्षा परिणाम को लेकर आपत्ति जताने वाली छात्राओं को डराया जा रहा है। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ सत्यरूपा श्रीवास्तव ने कहा कि वह इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने दो दिन के अंदर समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। छात्राओं का कहना था कि अगर प्राचार्य समस्याओं का निराकरण नहीं कर सकतीं तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। कॉलेज प्रशासन की ओर से बताया गया कि छात्राओं के आंतरिक अंक विश्वविद्यालय को भेज दिये गये हैं। प्रदर्शन में मुख्य रूप से छात्र मोर्चा के कोल्हान अध्यक्ष अरुण मुर्मू, महानगर अध्यक्ष प्रेम प्रकाश दुबे, ग्रेजुएट कॉलेज की पूर्व अध्यक्ष खुशबू लांबा, छात्र संघ सचिव सोनी सिंह, चंदन कुमार, करण कुमार, प्रदीप कुमार, विमल कुमार सहित अनेक छात्राएं शामिल रहीं।

वेतनमान को ले कुलपति से मिले शिक्षकेत्तर कर्मी

झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के सदस्यों ने चाईबासा जाकर कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ। शुक्ला मोहंती से मुलाकात की। इस दौरान सीनेट सदस्य विश्वंभर यादव ने कुलपति से मांग रखी कि छूटे हुए कई कर्मचारियों का पंचम और छठे वेतनमान का जल्द निर्धारण हो। इसके साथ ही सेवानिवृति के बाद रिक्त पड़े हुए प्रधान सहायक, लेखापाल के पद पर जल्द नियुक्ति, योग्यताधारी चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को तृतीय वर्गीय कर्मचारी पदों पर प्रोन्नति, अनुकम्पा के आधार पर जल्द नौकरी, कर्मचारियों को अर्जित अवकाश का लाभ मिले। इस दौरान संगठन के नेता मनोज किशोर समेत आरसी ठाकुर सहित कई सदस्य मौजूद थे।