जमशेदपुर (ब्यूरो): नदी की तराई में बने स्लूइस गेट मरम्मत और उचित रखरखाव के अभाव में खराब हो चुके हैं। बरसात से पहले अगर इनकी मरम्मत नहीं हुई तो स्थिति खराब हो सकती है। इसे देख स्थानीय लोग भी काफी भयभीत हैं। मामले में भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि अगर बरसात के पहले स्लूइस गेट की मरम्मत नहीं हुई तो वे पेयजल स्वच्छता विभाग के मुख्य अभियंता और कार्यपालक अभियंता के ऊपर मामला दर्ज कराएंगे।

हो गए हैैं जर्जर

उन्होंने कहा कि मानसून आने में कुछ ही दिन बाकी है। मानगो में स्वर्णरेखा नदी की तराई में बने तीनों स्लुइस गेट मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से स्लूइस गेट बना है, तब से एक बार भी इसकी मरम्मत नहीं की गई है, जिसके कारण यह पूरी तरह जर्जर हो चुका है। घंटों हैंडल घुमाने के बाद भी लोहे का फाटक एक इंच भी नीचे नहीं गिरता है। इस कारण बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर जब बढ़ जाता है तो पूरा मोहल्ला जलमग्न हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को लाखों रुपए का नुकसान होता है।

काम के नहीं

बता दें कि मानगो के श्याम नगर, शांति नगर और कुंवर बस्ती में बने तीनों स्लूइस गेट हाथी दांत बने हुए हैं, जो केवल नाम के हैं, काम के नहीं। भाजपा नेता विकास सिंह ने गेट को चला कर भी देखा। लगभग आधे घंटे हैंडल घुमाने के बाद भी गेट नीचे नहीं उतरा। मोबिल, ग्रीस और रखरखाव के अभाव में सारे कलपुर्जों में जंग लग चुका है। विकास सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी डीसी के साथ ही जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता को दी जाएगी। इसके बाद भी अगर काम नहीं हुआ तो जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता और कार्यपालक अभियंता के ऊपर जान माल की हानि के साथ साथ सरकारी राशि के दुरुपयोग का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

इनकी रही मौजूदगी

मौके पर राजेश साहू, दुर्गा दत्ता, मनोज ओझा, राम सिंह कुशवाहा, अजीत सिंह, हरेंद्र कुमार यादव, उत्सव गुप्ता, विष्णु बोदरा, बिरजू सिंह, एनके चौधरी, विशेषर झा, पंकज कुमार, विक्रम कुमार, विजय कुमार, सुधीर गुप्ता, विवेक चौरसिया, संदीप साह, बंटी साहू, संदीप शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।