जमशेदपुर (ब्यूरो): जायंट्स ग्रुप ऑफ जमशेदपुर के नए अध्यक्ष समाजसेवी और व्यवसाई अरुण बाकरेवाल (अग्रवाल) बनाए गए हैं। एक दिन पहले नई कार्यकारिणी का प्रतिष्ठापन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें श्री बाकरेवाल को अध्यक्ष पद के लिए शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन के केंद्रीय समिति सदस्य वी के कपूर एवं अजय कांत पाठक, फेडरेशन 8 के अध्यक्ष आरके चौधरी, यूनिट 1 निदेशक प्रदीप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विश्व शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई।

नए पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ

निर्वतमान अध्यक्ष टी संभा शिवा राव ने वर्ष 2023 में किये गए सामाजिक कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इसके बाद यूनिट 1 के निदेशक प्रदीप अग्रवाल ने नए सदस्यों और कार्यकारिणी के साथ ही नए अध्यक्ष को शपथ दिलाई।

जिला स्तर पर ग्रुप खोलने का सुझाव

अध्यक्ष अरुण बाकरेवाल ने भावी वर्ष के लिए सामाजिक कार्यों पर मंतव्य रखा। इसके बाद फेडरेशन अध्यक्ष आरके चौधरी ने अधिक से अधिक सदस्यों को अपने ग्रुप में शामिल करने की बात कही। उन्होंने नए ग्रुप के सृजन के लिए आस-पास के स्थानों में संभावनाएं तलाश कर नये समूहों को भी विस्तारित करने पर जोर दिया। कहा कि कम से कम जिला स्तर पर एक समूह खोलने का प्रयास किया जाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि एके पाठक ने समूह के सुचारू रूप से क्रियाशील रहने हेतु समूह एवं सदस्यों के विस्तार पर जोर दिया।

पुराने सदस्य हुए सम्मानित

मुख्य अतिथि वीके कपूर ने अध्यक्ष, कार्यकारिणी अधिकारियों व सदस्यों को उनके कर्तव्य एवं अधिकारों से अवगत कराया। मौके पर अतिथियों को जायंट्स प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। वहीं निर्वतमान अध्यक्ष टी संभा शिवा राव ने अपने कार्यकाल में जायंट्सवाद को सफल बनाने वाले सदस्यों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व फेडरेशन अध्यक्ष डॉ। हरे श्याम और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व फेडरेशन अध्यक्ष के एल मित्तल ने किया।

जायंट्स जमशेदपुर की नई कार्यकारिणी

जायंट्स ग्रुप के नए अध्यक्ष अरुण बाकरेवाल (अग्रवाल) बनाए गए हैं। इनके अलावा सुभाष चंद्र मूनका एवं संजय शर्मा को उपाध्यक्ष, सुशील कुमार भारद्वाज को प्रशासनिक निदेशक, सतीश कुमार खंडेलवाल को सह प्रशासनिक निदेशक, एस मजुमदार को वित्त निदेशक, अभिनव कुमार नंदन को सह वित्त निदेशक के अलावा टी पद्मिनी और सी कृष्णावेणी को निदेशक मंडल में शामिल किया गया है।