JAMSHEDPUR: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में रुपये मांगने के बहाने घर में प्रवेश कर दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध पर जला देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता को टीएमएच में दाखिल कराया गया है। वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उसकी उम्र 45 वर्षीय है। वहीं पुलिस ने आरोपित विनोद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जो पीडि़ता की घर से कुछ ही दूरी पर रहता है। टेंपो चलाता है। शादी-शुदा है।

पीडि़ता और टेम्पो चालक एक-दूसरे के परिचित हैं। उनका घर आना-जाना है। आरोपित की उम्र 40 वर्ष के करीब है। घटना शुक्रवार देर रात 10 बजे के करीब की है। जिस समय महिला के घर में आरोपित घुसा, उस दौरान महिला के पति और पुत्र ड्यूटी पर गए थे। सिटी एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

'मेरी नहीं हुई तो किसी का नहीं होने दूंगा' कहता रहा आरोपित

महिला ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया शुक्रवार रात उसके घर में सामुदायिक विकास केंद्र निवासी विनोद जायसवाल प्रवेश कर गया। घर का दरवाजा खुला था। घर में अकेली देख उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। वह चिल्ला-चिल्लाकर कहता रहा कि 'तुम अगर मेरी नही हुई तो किसी और का भी नहीं होने दूंगा'। शोर-गुल करने पर आरोपित आक्रोशित हो गया। उसने केरोसीन शरीर पर डाल दिया इसके बाद आग लगा दी। जान-बचाने को वह इधर-उधर भागती रही। शोर मचाने पर आस-पास के लोग एकत्र हुए। आरोपित भाग निकला। लोगों ने पीडि़ता को अस्पताल में दाखिल कराया है। शनिवार सुबह आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।