-छात्रा का आरोप, दो साल से आरोपी युवक कर रहा था छेड़खानी

-मना करने पर आरोपी देता था जान से मारने की धमकी

-बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती की रहने वाली नाबालिग छात्रा

-ओडि़शा के मयूरभंज आईटीआई कॉलेज रायरंगपुर में कर रही है पढ़ाई

JAMSHEDPUR: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती की रहने वाली नाबालिग छात्रा ने एकतरफा प्यार करने वाले आशिक से तंग आकर रविवार की सुबह फांसी लगाकर सुसाइड करने की कोशिश की। छात्रा ने पुलिस को बताया कि पिछले दो साल से वह छेड़खानी की शिकार हो रही है। उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। वह मयूरभंज आईटीआई कॉलेज रायरंगपुर में पढ़ाई कर रही है।

बच गई जान

रविवार की सुबह करीब क्0 बजे छात्रा ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि, समय रहते युवती की मां की नजर उस पर पड़ी। एसबेस्टस की पाइप पर ओड़नी के सहारे लटका देखा तो फंदा काटकर तत्काल एमजीएम हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इस वजह से युवती की जान बच गई।

यह है मामला

ईस्ट प्लांट बस्ती की रहने वाली नाबालिग छात्रा ने रविवार की सुबह करीब क्0 बजे घर के गैरेज में एसबेस्टर के पाइप में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के वक्त युवती के पिता दूसरे कमरे में आराम कर रहे थे। युवती की मां घर के पास स्थित दुकान से समान लाने गई हुई थी। युवती की मां घर वापस आई तो उन्होंने बेटी को फांसी से लटका हुआ पाया। इसके बाद तत्काल घर के सदस्य व आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों की सहायता से युवती को फंदे से उतार कर एमजीएम हॉस्पिटल पहुंचाया गया। समय रहते हॉस्पिटल पहुंचने पर नाबालिग छात्रा की जान बच गई। युवती के पिता ने बताया कि दो साल पहले पड़ोस के घर में शुभम नामक युवक का आना जाना था। उसकी बुरी नजर उनकी बेटी पर थी। वह आए दिन स्कूल आने-जाने के दौरान उनकी बेटी बेटी के साथ छेड़खानी करता था। वह पिछले दो सालों से उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था और जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं युवती व घर वाले जब इसका विरोध करते थे, तो शुभम युवती केसाथ-साथ घरवालों को भी जान से मारने की धमकी देता था। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कई आरोप हैं शुभम पर

शुभम के माता-पिता नहीं हैं ना ही उसका परिवार है। वह अकेले रहता है। वह दो साल पहले युवती के पड़ोस के एक घर में काम करता था। इस कारण पड़ोस के घर आता-जाता था। शुभम पर चोरी सहित अन्य आरोप हैं। इस कारण युवती भी शुभम को पसंद नहीं करती थी। स्कूल आते-जाते वह छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता था। इसकी शिकायत वह बार-बार अपने परिजनों से करती थी।

पुलिस कर रही जांच

मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग के पदाधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। इसकी जांच पड़ताल करने के लिए पुलिस पदाधिकारी एमजीएम हॉस्पिटल पहुंचकर युवती व उसके मां-पिता का बयान दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।