छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : पूर्वी सिंहभूम के नक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया में एक समुदाय की युवती को विशेष समुदाय के युवक द्वारा भगा ले जाने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों ने थाने के सामने टायर जलाकर रास्ते को जाम कर दिया है। डुमरिया के बाजार बंद हो गए हैं। मामले को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी ने डुमरिया थाना प्रभारी मोहम्मद कुद्दूस को निलंबित कर दिया है। कई थाने के पुलिस पदाधिकारी समेत एसडीएम घाटशिला, एसडीपीओ घाटशिला, मुसाबनी व बीडीओ समेत तमाम अधिकारी डुमरिया के नयाग्राम में कैंप किए हुए हैं।

पुलिस छावनी में तब्दील

एक समुदाय के ग्रामीणों ने विशेष समुदाय के मुहल्ले पर पत्थर से हमला किया। इस कारण नयाग्राम पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। एक समुदाय को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। ग्रामीणों के पत्थरबाजी के कारण एक जवान अजीत कुमार घायल हो गया। पुलिस लाठीचार्ज के कारण सहदेव सरदार नामक एक व्यक्ति भी घायल हो गया।

हिरासत में चार लोग, विरोध में महिलाओं का हंगामा

इधर, पुलिस द्वारा एक समुदाय के चार लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद महिलाओं ने लाठी-डंडे से लैस होकर उसे छुड़ाकर ले जाने का प्रयास किया गया। इस पर पुलिस ने महिलाओं पर लाठीचार्ज किया। इस दौरान पुलिस का एक जवान मोरीस होरो के अलावा पत्रकार व कई महिलाएं भी घायल हो गईं। फिलहाल डुमरिया में स्थिति तनावपूर्ण है।

बिष्टुपुर से भागे युवक-युवती

बुधवार को अपनी नानी के साथ युवती बिष्टुपुर जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में इंटर का फार्म भरने आयी थी। नयाग्राम निवासी विशेष समुदाय का एक युवक भी डुमरिया से जमशेदपुर आ गया। कॉलेज से निकलने के बाद युवक ने युवती की नानी को धक्का देकर युवती को अपने साथ लेकर भागने में कामयाब रहा। इससे पहले भी युवक इस तरह की हरकत कर चुका है।