जमशेदपुर (ब्यूरो)। जुगसलाई नया बाजार निवासी भगवती खंडेलवाल (उम्र 73 वर्ष) की आंखें मृत्यु के पश्चात भी रोशनी देती रहेंगी। मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर की पहल पर शुक्रवार 14 जुलाई को भगवती खंडेलवाल के निधन के बाद उनके पुत्र गोपाल खंडेलवाल, गोविंद खंडेलवाल एवं घनश्याम खंडेलवाल की सहमति से जुगसलाई निवास पर ही नेत्रदान करवाया गया। इससे दो लोगों की दुनिया रोशन होगी। इस कार्य में रोशनी संस्था की अध्यक्ष तरु गांधी, कोषाध्यक्ष सीता जोशी तथा डॉ अजय गुप्ता (नेत्र रोग विशेषज्ञ) की अहम भूमिका रही। बता दें कि नेत्रदान समाज के हित में है, इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
मारवाड़ी महिला मंच की पहल
इस कार्य के लिए मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर की अध्यक्ष बीना अग्रवाल ने खंडेलवाल के परिजनों, रोशनी संस्था एवं डॉ अजय को साधुवाद दिया। मारवाड़ी महिला मंच की सुशीला खीरवाल ने बताया कि भगवती का आकस्मिक निधन आज सुबह हो गया था। अंतिम संस्कार भी जुगसलाई शिव घाट पर किया गया। मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर शाखा द्वारा कई सालों से नेत्रदान महादान पर अभियान चलाया जा रहा है। मृत्यु के पश्चात नेत्रदान करवाने में सक्षम भी हुए हैं। इसमें लोगों को काफी जागरूकता भी आई है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद यूं ही अपने शरीर को या तो जला देते हैं या फिर दफना दिया जाता है। इसलिए अगर मृत्यु पश्चात हम किसी दो व्यक्ति को रोशनी दे सकते हैं तो इससे अधिक पुनीत कार्य कुछ नहीं हो सकता।