जमशेदपुर (ब्यूरो): बहरागोड़ा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज द्वारा सिदगोड़ा स्थित हिन्दुस्तान मित्र मंडल स्कूल परिसर में धालभूम अनुमंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी (साइंस फेस्ट-2024) का आयोजन किया गया। इस फेस्ट में धालभूम अनुमंडल के 50 से अधिक प्लस टू एवं उच्च स्कूलों के 220 से अधिक छात्रों द्वारा साइंस से संबंधित प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि डीईओ निर्मला कुमारी, विशिष्ट अतिथि करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ। मोहम्मद रियाज, डॉ कनय बारीक (एचओडी फिजिक्स डिपार्टमेंट, घाटशिला कॉलेज), अखिलेश कुमार (एडिशनल प्रोग्रामिंग अफसर, जमशेदपुर), डॉ बिना कुमारी (प्रिंसिपल एनएमएल, जमशेदपुर), बहरागोड़ा पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ एसके मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
पांच स्कूल पुरस्कृत
प्रतिनिधि मंडल द्वारा सभी स्कूलों के विज्ञान प्रोजेक्ट्स के अवलोकन के बाद निर्णायक मंडली द्वारा 5 स्कूलों को पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम स्थान हरिजन हाई स्कूल, भालूबासा को 10,000 रुपए, द्वितीय स्थान डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सलेंस, बर्मामाइंस को 5,000 रुपए, तृतीय स्थान यूपीजी हाई स्कूल, कोकराडीह को 3,000 रुपए, चौथा पुरस्कार श्री राम कृष्ण हाई स्कूल, बिष्टुपुर को 2,000 एवं पांचवे पुरस्कार के तौर पर सर्वोदय हाई स्कूल को 1,000 रुपए की पुरस्कार राशि एवं मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया।
आयोजन की प्रशंसा की
अतिथियों ने इस तरह के आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे छात्रों का बौद्धिक और मानसिक विकास होता है। बहरागोड़ा पॉलिटेक्निक के प्रचार्य डॉ एसके मिश्रा एवं उप प्रचार्य अनुराग कुमार झा ने संयुक्त रूप से कहा कि हमारा कॉलेज इस तरह का आयोजन समय-समय पर बहरागोड़ा में करता आया है, जहां पॉलिटेक्निक के मैकेनिकल, सिविल, कम्प्युटर साइंस, इलेक्ट्रीकल एवं स्नातक के बीबीए एवं बीसीए छात्रों द्वारा कुछ न कुछ कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं जो उनके प्लेसमेंट एवं जॉब पाने में एक अहम रोल निभाता है। यही कारण है कि यहां शत प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट संभव हो पाता है।