जमशेदपुर (ब्यूरो): सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से राजभवन में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उनसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। चैंबर के मानद महासचिव मानव केडिया ने बताया कि राज्यपाल के झारखंड में पदस्थापित होने के बाद से चैंबर की ये प्रथम मुलाकात है। उन्होंने बताया की सोमवार को चैंबर ने राज्यपाल के साथ झारखंड के व्यापारी वर्ग से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।

लैंड बैंक की स्थापना

चैंबर ने मुख्य रूप से जमशेदपुर में एयरपोर्ट की स्थापना की जरूरत एवं इसमें आने वाली रुकावट के बारे में राज्यपाल को अवगत कराया। इसके साथ ही राज्य में उच्च शिक्षा केंद्र की स्थापना एवं मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना, राज्य के विकास में जटिल जमीन संबंधित कानूनों का सरलीकरण, संसाधनों के अनुरूप उद्योग न लगना तथा राज्य में बिजली की असमान दर इत्यादि पर चर्चा की। चैंबर ने कोल्हान में एक बड़ी एनकर इंडस्ट्री की जरूरत पर जोर दिया साथ ही छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लैंड बैंक की स्थापना करने का भी चैंबर ने सुझाव दिया।

चैंबर आने का न्यौता दिया

इसके साथ ही चैंबर ने राज्यपाल को चैंबर आने का न्यौता दिया। राज्यपाल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, मानद महासचिव मानव केडिया, कोषाध्यक्ष किशोर गोलछा, उपाध्यक्ष (ट्रेड) नितेश धूत एवं सचिव (वित्त एवं कराधान) पीयूष चौधरी शामिल थे।