जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र भाटिया बस्ती के मरीन ड्राइव सती घाट पर शनिवार को नदी में नहाने गया 10 वर्षीय बालक सूरज प्रमाणिक बह गया। ये देख गोपाल टूडू ने उसे बचाने की कोशिश की। मगर वह भी पानी की बहाव में डूबने लगा जिसके बाद उसके दोस्तों शिव और सोनू ने नदी में छलांग लगा कर दोनों को बचाने की कोशिश की। गोपाल टुडू को निकाल लिया गया। बेहोश होने के कारण उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। उधर, बच्चे की तलाश को एनडीआरएफ की टीम को उतारा गया। देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। रविवार को टीम नदी में दोबारा उतरेगी। जानकारी पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मौके पर पहुंचे बच्चे के स्वजनों से मुलाकात की। नदी तट के आस-पास रहने वाले लोगों से नदी में नहीं जाने की अपील की। यास चक्रवात के प्रभाव के कारण नदी में जलस्तर खतरे के निशान पर है।

कुछ पता नहीं चला

घटना के बाद बस्ती वासियों ने अपने स्तर से नदी में बच्चे की काफी खोज की। मगर कुछ भी नहीं पता चला। वहीं परिजन बच्चे की तलाश में सोनारी दोमुहानी छठ घाट तक पहुंच गए। बच्चे के पिता बलदेव प्रमाणिक ने बताया उसका बेटा दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए गया था। शुक्रवार को भी वह दोस्तों के साथ नहाने के लिए नदी में गया था। जानकारी पर हमने उसकी पिटाई की और दोबारा नदी में नहीं जाने के लिए कहा। मगर वह बहुत जिद्दी था और शनिवार को अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए चला गया। नदी के गहरे पानी में समा गया। वहीं पास ही में मरीन ड्राइव बागे बस्ती के कुछ लड़के नहा रहे थे। सूरज को नदी में बहते हुए देख एक युवक गोपाल टूडू ने उसे बचाने की कोशिश की।