छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को छठ महापर्व के खरना के मौके पर घर-घर पाइपलाइन से गैस सप्लाई की शुरुआत करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार का यह सपना है कि हर सुविधा सीधे जनता तक पहुंचे। उसी के मद्देनजर जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में इस योजना का शुभारंभ हुआ। यह योजना गांव तक जाएगी। जिस तरह लोगों को घरों में नल से शुद्ध पेयजल पेयजल की आपूर्ति की जाती है, उसी तरह रसोई गैस की भी आपूर्ति की जाएगी। इससे पूर्व रांची में योजना शुरू हो चुकी है। आनेवाले दिनों में सिलेंडर की जरूरत लोगों को नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां से 811 करोड़ रुपये की योजना का शुभारंभ हो रहा है। बरही में गैस बॉटलिंग प्लांट की नींव रखी गई है। इससे क्षेत्र में अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा। 161 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। मुख्यमंत्री ने गोपाल मैदान में इस योजना का शुभारंभ किया। साथ ही पुरुलिया-जमशेदपुर नेचुरल गैस पाइपलाइन योजना के कार्य प्रारंभ व बरही एचपीसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का शिलान्यास भी किया।

केंद्र सरकार ने लिया है संकल्प

इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वी भारत को बदलने का संकल्प लिया है। वर्ष 2019 से 2024 का संकल्प नया भारत गढ़ने का है। हमसब मिलकर इस संकल्प को पूरा करेंगे। आज जमशेदपुर के लोगों को बड़ा लाभ प्राप्त है। गैस पाइपलाइन के माध्यम से जमशेदपुर के मानगो, सोनारी क्षेत्र में लोगों को गैस उपलब्ध होगी। इससे समय, ईधन और राशि की बचत भी होगी।

आधुनिक जमशेदपुर बनाया जाए

केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि जमशेदपुर की पहचान औद्योगिक केंद्र के रूप में है। सरकार ने इसे और आधुनिक बनाने का प्रयास किया है। आज पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू ईधन पहुंचाने का शुभारंभ हुआ। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां में भी गैस पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जाएगी। ऑटो, छोटे वाहन, बसों में सीएनजी के उपयोग से एक स्वच्छ और प्रदूषण रहित ईधन की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। यह सस्ता है। एक ऑटो चालक सीएनजी के माध्यम से महीने में तीन से पांच हजार रुपये की बचत कर सकता है।

इनकी रही मौजूदगी

समारोह में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका विधायक मेनका सरदार, विधायक घाटशिला लक्ष्मण टुडू, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण, सीएमडी गेल आशुतोष कर्नाटक, डीसी रविशंकर शुक्ला, एसएसपी अनूप बिरथरे, गेल के पदाधिकारी, एचपीसीएल के पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।