-पूरी मस्ती और उत्साह के साथ मनी होली

JAMSHEDPUR : शहर में होली का त्यौहार पूरी मस्ती और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में युवकों की टोलियां गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते घूम रही थीं। विभिन्न क्षेत्रों में अवस्थित हाउसिंग सोसाइटीज में भी पूरे उत्साह के साथ होली मनाई गई। दोपहर लगभग तीन बजे के बाद तक रंगों की धूम रही। शाम से लेकर देर रात अबीर-गुलाल का दौर चला। एक्सएलआरआई के स्टूडेंट्स भी होली के रंग में भीगते नजर आए। उन्होंने एक्सएलआरआई कैंपस में ही होली जमकर होली खेली।

हर तरफ दिखा होली का उमंग

शहर की तमाम गलियां होली के उत्साह-आनंद में शरीक युवक, युवतियों, बच्चों एवं बुजुर्गो की गवाह बनी। चारों तरफ होली की उमंग का नजारा रहा। होली के दिन पुलिस-प्रशासन के चाक-चौबन्द इंतजाम के बावजूद कुछ छिटफुट घटनाओं को छोड़कर होली का त्योहार शांतिपूर्ण रहा। अमीर-गरीब, जाति-धर्म के साथ छोटे और बड़े का भेद एकदम मिट सा गया। महिलाएं भी होली खेलने में पीछे नहीं रहीं। घर पर आने वाले मेहमानों को उन्होंने रंगों से सराबोर कर दिया। नगर में होली पर्व की शुरुआत पारम्परिक रीति रिवाजों के अनुसार होलिका दहन से हुआ। जगह-जगह होलिका दहन किया गया। उधर, महिलाओं ने चंद्रमा को अ‌र्घ्य दे पूजा-अर्चना की। यह सिलसिला देर रात तक चला। अगले दिन शुक्रवार को होली मनायी गयी। सुबह सात बजे से ही बच्चों ने होली खेलनी शुरू कर दिया। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, होली के रंग भी आसमान में उड़ने लगे। हाथों में रंग लिए टोलियों में युवक अपने साथियों को रंगने लगे। शाम को फिर परिचितों से मिलने के बहाने गुलाल उड़े और लोगों ने होली के पकवानों का आनंद लिया।

दी होली की श्ाुभकामनाएं

आजादनगर थाना शांति समिति ने शुक्रवार को एसएसपी सहित अन्य सीनियर पुलिस पदाधिकारियों के घर पहुंच होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्तार आलम खान, मुमताज शारिक, अफसार अहमद, ताहिर और नबील अहमद मौजूद थे। वहीं, बर्मामाइंस थाना पुलिस-पब्लिक समन्वय समिति ने शुक्रवार को बर्मामाइंस मस्जिद परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इसमें समाज के सभी वर्गो के लोगों ने शरीक होकर एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाया और होली की बध्ाई दी।

निकाली गई शोभायात्रा

शिव मंदिर समिति के तत्वावधान में गोलमुरी बाजार में धूमधाम से होली मनाई गई। ढप, ढोल के साथ मारवाड़ी लोकगीत गायन हुआ और महिलाओं ने पूजन किया। बजरंग चौक से महिला-पुरुषों ने एकत्रित होकर राधा-कृष्ण की झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली। पूरे बाजार का भ्रमण किया और लोगों को होली की बधाई दी। कार्यक्रम में शिव मंदिर समिति के अलावा नारी जागरण समिति, श्याम उत्सव मंडल के सदस्यों ने भी सहयोग किया।

बिखरे खुशियों के रंग

संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच के सदस्यों ने बाराद्वारी स्थित ओल्ड एज होम में वृद्धों संग होली की खुशियां साझा की। उनको अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी तथा घर से बनाकर ले गए होली के पकवान भेंट किया। ओल्ड एज होम पहुंचे लोगों में प्रदीप सिंह, शशि भूषण मिश्रा, मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव, अरविंद विद्रोही और यमुना तिवारी सहित अन्य लोग शामिल थे।