जमशेदपुर (ूब्यूरो): टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री एवं अध्यक्ष का मंगलवार को कैब कॉल फैक्ट्री एवं ईआरसी डिवीजन में स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन की ओर से मनीष वर्मा, विष्णु चंद्र दीक्षित, जीवराज संधू एवं कृष्णकांत मोदी भी मौजूद रहे। सभी को फूलमाला के साथ-साथ शॉल ओढ़ा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महामंत्री आरके सिंह ने सभी का आभार जताया। समझौते के संबंध में महामंत्री ने बताया कि टाटा मोटर्स में बोनस समझौता मात्र राशि का समझौता नहीं होता है, बल्कि स्थाई करण भी एक बहुत महत्वपूर्ण विषय रहता है। इस वर्ष 355 लोगों का स्थाईकरण हुआ है। कहा कि टाटा मोटर्स अस्पताल में निकट भविष्य में एमआरआई की सुविधा कर्मचारियों को उपलब्ध होगी। कहा कि समझौते के दौरान कई चीज जो कोरोना काल में बंद हो चुकी थी, उसे पुन: आरंभ करने का मसौदा तैयार हुआ है। इसमें कर्मचारी को मिलने वाला मल्टी स्किल भी पुन: आरंभ करना शामिल है।
मिलकर काटा केक
इस अवसर पर अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि आने वाले समय में नए मसौदे के साथ कर्मचारी के बच्चों को एफटीए में लेने की तैयारी चल रही है साथ ही मजदूर हित में और कई व्यावहारिक निर्णय लिए गए हैं। इस मौके पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा का जन्मदिन मनाया गया। सभी ने मिलकर केक भी काटा। कार्यक्रम का संचालन एचएस सैनी और धन्यवाद ज्ञापन अभय कुमार ने किया।

By: Inextlive | Updated Date: Wed, 20 Sep 2023 00:34:53 (IST)