जमशेदपुर (ब्यूरो): झारखंड प्रदेश गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह एवं सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह ने संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सिख दंपत्ति की हुई पिटाई की शिकायत की है। उन्होंने कानपुर के अमोल दीप सिंह भाटिया एवं उसकी पत्नी को भाजपा पार्षद सोभेया शुक्ला के पति अंकित शुक्ला एवं अन्य द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई है। उन्होंने मारपीट करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ ही कानपुर पुलिस कमिश्नर पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि कानपुर पुलिस द्वारा आईपीसी की धारा 324, 326, 354,147,148,149,504 और 506 लगाई गई है, जबकि अमोल दीप सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है तथा उनकी एक आंख भी खराब हो चुकी है फिर भी इस केस में धारा 307 नहीं लगाया जाना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर शक पैदा करता है। दोनों नेताओं ने दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर झारखंड के सिखों के साथ कानपुर पहुंचकर इस घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

हैैं संपर्क में

सरदार शैलेंद्र सिंह एवं भगवान सिंह ने बताया की घटना के बाद से ही वे लोग दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के पूर्व प्रधान एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा एवं कानपुर गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरविंदर सिंह लॉर्ड एवं नांदेड साहब के जसबीर सिंह धाम के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री को दिए गए ज्ञापन की प्रतिलिपि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर के प्रधान सरदार हरविंदर सिंह धामी, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका, महासचिव जगदीप सिंह काहालो, नांदेड साहब के जसवीर सिंह धाम और कानपुर गुरुद्वारा के प्रधान हरविंदर सिंह लॉर्ड के साथ ही कानपुर के पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है।

चैंबर चुनाव में मायुमं स्टील सिटी का रहा जलवा

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 23-25 चुनाव में मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी शाखा ने भी अपना लोहा मनवाया है। चैंबर की नई कमेटी में स्टील सिटी के कई सदस्य जीत कर आए हैं। स्टील सिटी के वर्तमान अध्यक्ष मोहित मुनका को कार्यसमिति में 63 उम्मीदवारों में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। इसी तरह चैंबर के नए अध्यक्ष विजय आनंद मुनका स्टील सिटी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। महासचिव मानव केडिया स्टील सिटी शाखा के सदस्य हैं। वहीं नई कमेटी में टैक्स एवं फाइनेंस के उपाध्यक्ष पद पर विजयी होने वाले अधिवक्ता राजीव अग्रवाल स्टील सिटी शाखा के सदस्य हैं। कार्यसमिति में जीतने वाले विष्णु गोयल पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही कार्यसमिति में स्थान प्राप्त करने वाले अजय चेतानी स्टील सिटी शाखा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।