जमशेदपुर (ब्यूरो): मंदिर के निकट बने हैलिपैड के समक्ष झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी के नेतृत्व में जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार ने पीएम का स्वागत किया। श्री बाउरी और दिनेश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुष्प भेंट किया और स्थानीय भाजपा नेताओं सहित उनका स्वागत किया।

दी गई है जिम्मेदारी

मालूम हो की छत्तीसगढ़ चुनाव प्रचार के लिए भाजपा संगठन ने नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी को राजनंदगांव जिला के चार और मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। अमर कुमार बाउरी के प्रभार वाले क्षेत्रों राजनांदगांव में पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह, डोंगरगढ़ से विनोद खांडेकर, खु'जी विधानसभा में गीता घासी साहू, डोंगरगांव से भरत लाल वर्मा और मोहला मानपुर में संजीव साहा बतौर भाजपा प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान सभी प्रत्याशी भी मौजूद रहे। मालूम हो कि नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी संग बतौर सहयोगी दिनेश कुमार भी छत्तीसगढ़ प्रवास पर थे। चुनाव प्रचार समाप्त होने पर सोमवार को वे वापस लौट आए हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में दो चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में 7 नवंबर को मतदान होंगे।

बन्ना गुप्ता छठ घाट का किया निरीक्षण

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सोमवार को मानगो के विभिन्न छठ घाट का दौरा किया। इस क्रम में चाणक्यपुरी छठ घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रमदान करते हुए छठ घाट की सफाई की। इसके साथ ही उन्होंने मानगो नगर निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द सफाई करवा कर विद्युत व्यवस्था बहाल करने, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था के साथ ही आवागमन की व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा.इस दौरान उन्होंने छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से कराने, वाहनों की आवागमन सुनियोजित तरीके से कराने के भी निर्देश दिए, ताकि कोई दुर्घटना न हो। इस अवसर पर मानगो नगर निगम के उप प्रशासक सुरेश यादव, मनोज झा, संजय ठाकुर, ईश्वर सिंह, अजय मिश्रा, जीतू सिंह, राकेश दास सहित अन्य मौजूद रहे।