JAMSHEDPUR: करीम सिटी कॉलेज की मास कम्यूनिकेशन विभाग की एचओडी सह अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रध्यापिका डॉ नेहा तिवारी राष्ट्रीय फिल्म समारोह में बतौर ज्यूरी मेंबर शामिल होंगी। वर्ष 2017 के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार आगामी तीन मई को राष्ट्रपति के हाथों विज्ञान भवन में दिया जाएगा।

डॉ नेहा तिवारी का केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ सिनेमा लेखन व सर्वश्रेष्ठ समीक्षक 2017 के चुनाव के लिए देशभर में बनी तीन सदस्यीय ज्यूरी में सदस्य के रूप में चयन किया गया है। इस ज्यूरी ने इस वर्ष ये पुरस्कार मणिपुर के लेखक बॉबी वाहेंगबम की पुस्तक मतांगी मणिपुर को दिया है। आउटलुक पत्रिका में गिरिधर झा को सर्वश्रेष्ठ समीसक चुना गया है। इसकी घोषणा 13 अप्रैल को मंत्रालय द्वारा की जा चुकी है।

राष्ट्रीय स्तर की ज्यूरी में डॉ नेहा तिवारी को शामिल किया जाना शहर और झारखंड के लिए गौरव की बात है। डॉ नेहा तिवारी झारखंड फिल्म तकनीकि सलाहकार समिति की सदस्य भी है। झारखंड में मास कम्यूनिकेशन विषय को अध्यापन की दृष्टि से स्थापित करने और लघुफिल्म- व्रतचित्र निर्माण की संस्कृति को विकसित करने में उनका अहम योगदान है। डॉ नेहा तिवारी के मार्ग दर्शन में स्टूडेंट्स लगभग 150 से ज्यादा फिल्में बना चुके हैं। उन्होंने कई रेडियो फीचर धारावाहिक समीक्षाएं, नृत्य नाटिकाएं अनुवाद और शोध आलेख लिखे हैं। वे देश के कई पत्रकारिता विश्वविद्यालय की पाठ्यक्रम व परीक्षा बोर्ड की सदस्य भी है। राज्य में एक प्रखर वक्ता के रूप में उनकी एक अलग पहचान है।