जमशेदपुर (ब्यूरो)। शहर में दुर्गा पूजा की जबरदस्त धूम है। रात के बजाय दिन से लोग घूमने के लिए निकलने लगे हैं और इस कारण सड़क पर जबरदस्त भीड़ भी लग रही है। सबसे ज्यादा परेशानी आदित्यपुर क्षेत्र में हो रही है। खरकई नदी पर बने पुल के बाद से लोगों को लगातार जाम का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन शहर में बने आकर्षक पूजा पंडालों को देखने के लिए लोग काफी उत्साहित हैं। इस बार शहर में विभिन्न थीम पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं। कहीं-कहीं तो पंडालों में केवल प्लाईबोर्ड का ही इस्तेमाल किया गया है। वहां कपड़े का उपयोग नहीं किया गया है। आइए जानते हैं शहर के कुछ प्रमुख पूजा पंडालों के बारे में।

बांग्लादेश का काली मंदिर

बिष्टुपुर आरडी भट्टा सी एरिया पूजा कमेटी का पंडाल भी काफी आकर्षक है। यह पूजा विश्वजीत मणिमेला के नाम से भी जाना जाता है। यहां बांग्लादेश के काली मंदिर की थीम पर पंडाल का निर्माण किया गया है, जो लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है।

सिर्फ प्लाई से बना पंडाल

आदित्यपुर के एस टाइप दुर्गा पूजा पंडाल भी काफी आकर्षक बन पड़ा है। पंडाल का निर्माण काठमांडू के बौद्ध मंदिर की तर्ज पर किया गया है। इसकी खासियत यह है कि इसमें कपड़े का तनिक भी इस्तेमाल नहीं हुआ हैं। पंडाल के निर्माण में लकड़ी और प्लाई का उपयोग किया गया। इसकी नक्काशी देखने लायक है।

स्वच्छता जागरूकता पर फोकस

बारीडीह विजया गार्डन सेंट्रल पूजा कमिटी की पूजा का यह 10वां साल है। सांसद विद्युत वरण महतो ने मां दुर्गा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस बार पंडाल की थीम को स्वच्छता पर केंद्रीत किया गया है। पूजा में पुरूषों एवं महिलाओं का परस्पर योगदान रहता है। मीडिया को-ऑर्डिनेटर नवीन कुमार वर्मा ने बताया कि पूजा के चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

काल्पनिक मंदिर की तर्ज पर पंडाल

कदमा स्थित श्री उत्कल दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा वर्ष 1948 से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। यहां की खास बात यह है कि यहां उड़ीसा के मंदिरों की थीम पर पंडाल का निर्माण किया जाता है। इस बार उड़ीसा के झारसुगुड़ा के मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है।

बागबेड़ा सीपी टोला में डिजनीलैंड

बागबेड़ा सीपी टोला-शिवनगर स्थित श्री श्री शिव शीतला माता दुर्गा पूजा समिति द्वारा डिजनीलैंड की आकार का पंडाल बनाया गया है। पंडाल की निर्माण पर करीब 6 लाख रूपए की लागत आई है। खास बात यह है कि यहां तीनों दिन भोग का वितरण किया जाता है। यहां वर्ष 2001 से पूजा का आयोजन हो रहा है।

वंदे भारत की थीम पर पूजा पंडाल

कदमा स्थित श्री श्री रंकिणी मंदिर दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा वंदे भारत की थीम पर पंडाल का निर्माण किया गया है। एक तरफ पंडाल और दूसरी और वंदे भारत ट्रेन का मॉडल है, जो लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है।

वर्ष 1936 से हो रही पूजा

ओल्ड फार्म एरिया सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा वर्ष 1936 से यहां पूजा की जा रही है। पंडाल का निर्माण काल्पनिक थीम पर किया गया है, लेकिन यह काफी आकर्षक और खुबसूरत है। यहां हाथी और मोर सहित अन्य स्टैच्यू बनाए गए हैं, जो लोगों को काफी अकर्षित कर रहे हैं।