जमशेदपुर(ब्यूरो): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास को राष्ट्रपति भवन से उड़ीसा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसे लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। गुरुवार सुबह से ही श्री दास को बधाइयां देने वालों का तांता उनके आवास पर लगा रहा। वहीं सूचना पर पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बड़ी बहन ने अपने भाई की आरती उतारी और उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान वे भावुक नजर आईं।

इधर राज्यपाल बनाए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जिसका मंडल अध्यक्ष भी राज्यपाल जैसे गरिमामयी पद पर आसीन हो सकता है। उन्होंने राष्ट्रपति भवन से मिले दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने की बात कही। उन्होंने खुद को रा'यपाल बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति आभार प्रकट किया।

पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री

बता दें कि रघुवर दास झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री थे जिन्होंने पूरे 5 साल तक झारखंड में शासन किया। रघुवर दास ने 1980 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और सक्रिय सदस्य के रूप में कदम रखा। सबसे पहले जमशेदपुर के सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष बनाए गए। उसके बाद महानगर के कई पदों पर रहते हुए साल 2004, 2009 और 2023 में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। वर्ष 2005 में अर्जुन मुंडा की सरकार में उन्हें वित्त वाणि'य एवं नगर विकास मंत्री बनाया गया। उसके बाद शिबू सोरेन की सरकार में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया और 2014 में वे रा'य के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री बनाए गए।