-महिलाओं के प्रति पुरुषों के सोच के दो उदाहरण मंगलवार को सामने आए

-साकची में दोपहर के समय एक लड़के ने लड़की के साथ छेड़खानी की और मोबाइल छीनने की कोशिश की

-शहर में बन रहे एक मॉल में काम करने वाली एक महिला के साथ वहां के सुपरवाइजर के बेटे ने छेड़छाड़ की, मामला दर्ज

JAMSHEDPUR: चैत्र के नवरात्रि में हम अपने अभियान 'इज्जत करो' के तहत शहर के डिफरेंट एरियाज में जाकर यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि महिलाओं के प्रति पुरुषों के मन में इज्जत और सम्मान है भी या नहीं। मंगलवार को शहर में दो मामलों ने एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया। एक बार फिर लड़कों की गलत मानसिकता सामने आई। साकची में एक लड़की के साथ खुलेआम छेड़खानी की जा रही थी, तो बिष्टुपुर थाने में एक महिला छेड़खानी की रिपोर्ट लिखाने पहुंची।

साकची गोलचक्कर - दोपहर लगभग ख् बजे खुलेआम हो रही थी छेड़खानी

मंगलवार को दोपहर लगभग दो बजे साकची गोलचक्कर के पास आई हॉस्पिटल के सामने लड़की के साथ एक लड़का खुलेआम छेड़खानी कर रहा था। जब लड़की ने उसका विरोध करना शुरू किया, तो उस लड़के ने लड़की के हाथ से उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। लड़की ने भी हिम्मत दिखाई और न सिर्फ उस लड़के का सामना किया बल्कि उसे थप्पड़ भी लगाया। इतना होते देख वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उस लड़के को पकड़ लिया। बाद में दोनों को थाना ले जाया गया जहां कंप्लेन दर्ज की गई।

फोन पर धमकी दी

मंगलवार को बिष्टुपुर थाने में कंप्लेन दर्ज कराने पहुंची आदित्यपुर की रहने वाली सीमा ने बताया कि बिष्टुपुर-आदित्यपुर मोड़ पर बन रहे मॉल में वह काम करती है। संडे को काम करते समय ही वहां के सुपरवाइजर लालू प्रधान का बेटा मिथुन प्रधान उसके पास आया और उसके छेड़छाड़ करने लगा। काफी देर तक सीमा छेड़खानी का शिकार होती रही। किसी तरह वह वहां से बचकर निकली। जब उसने शिकायत करने की बात कही तो मिथुन उसे फोन पर ही धमकी देने लगा।

ऐसी घटनाएं सड़क पर होती हैं इसका मतलब है कि लोगों के मन से पुलिस का डर निकल गया है। पुलिस अगर मुस्तैद रहे तो किसी लड़के की हिम्मत नहीं होगी कि वह ऐसी हरकत करे।

- डॉ पुष्कर

इस तरह की हरकत का विरोध किया जाना चाहिए। राह चलते किसी लड़की या औरत की इज्जत के साथ इस तरह खिलवाड़ नहीं होनी चाहिए। पुलिस को एक्टिव होना होगा।

- अभिषेक कुमार

लड़के ऐसी मानसिकता वाले क्यों होते हैं यह समझ में नहीं आता। यह अच्छा है कि लड़कियां खुद हिम्मत दिखाकर सामने आ रही हैं और पुलिस के पास कंप्लेन दर्ज करा रही हैं।

- आनंद

मेरी पत्‍‌नी के साथ सुपरवाइजर के बेटे ने गलत हरकत की। उसने मुझे बताया तो हम तुरंत पुलिस के पास आ गए। ऐसा करने वालों को सजा तो मिलनी ही चाहिए। उन्हें पता तो चले कि इज्जत क्या होती है।

- पीडि़ता का पति

छेड़खानी की शिकायत लेकर आज भी कम संख्या में लड़कियां आती हैं। अगर इस तरह की हरकत कोई करता है, तो उसके खिलाफ पुलिस में कंप्लेन जरूर दर्ज करानी चाहिए।

- गोपाल सिंह, थाना इंचार्ज साकची