जमशेदपुर (ब्यूरो): अंडमान निकोबार के 45 छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल एक्सपोजर विजिट पर झारखंड के दौरे पर मंगलवार को आदित्यपुर स्थित एनआईटी पहुंचा। इस कार्यक्रम का आयोजन युवा संगम प्रोग्राम के तहत मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन द्वारा किया गया है। युवा संगम कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत डॉ। बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और पोर्ट ब्लेयर के अन्य प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के 45 छात्रों का समूह एनआईटी जमशेदपुर पहुंच गया है। यह समूह 24 अप्रैल से 1 मई तक झारखंड पर्यटन, परंपरा, प्रगति, परस्पर संपर्क, प्रौद्योगिकी के अलावा स्थानीय कला और संस्कृति के बारे में अनुभव प्राप्त करेगा।

गर्मजोशी से स्वागत किया

&एक भारत, श्रेष्ठ भारत&य अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे युवा संगम कार्यक्रम में आए छात्रों के समूह का एनआईटी परिसर में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के तहत पोर्ट ब्लेयर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए छात्रों का यह समूह अपने अनुभवों को साझा करेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों के अनुभव, कला, संस्कृति के बारे में जान सकेगा। कार्यक्रम के दौरान जहां समूह विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगा, वहीं स्थानीय खेलों का भी लुत्फ उठाएगा। युवा संगम कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों से लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना और विशेष रूप से विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच और उन्हें भारत की संस्कृति और मूल्यों से परिचित कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना की थी, जिसे साकार करने के लिए शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दूसरे चरण की शुरुआत पहले चरण की सफलता के बाद की गई है।

फायदा उठाने को कहा

मंगलवार को युवा समागम के तहत एनआईटी जमशेदपुर कार्यक्रम के दौरान इनकम टैक्स कमिश्नर शिशिर धमीजा, जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार मौजूद रहे। इनकम टैक्स कमिश्नर शिशिर धमीजा ने छात्रों से एक्सपोजर टूर का भरपूर फायदा उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश खनिज संपदा से भरपूर है, इसे नजदीक से जानने और समझने की जरूरत है। वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि एक्स्पोजर टूर से छात्रों को अलग अलग राज्य की भाषा सभ्यता संस्कृति को भी नजदीक से देखने और समझने का मौका मिलेगा।

45 छात्र जाएंगे अंडमान

एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत युवा समागम में झारखंड राज्य से भी 45 छात्रों का समूह अंडमान निकोबार के एक्सपोजर टूर पर जाएगा। कार्यक्रम को लेकर एनआईटी डायरेक्टर प्रोफेसर करुणेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में कार्यक्रम संचालन समिति का गठन किया गया है।