JAMSHEDPUR: कोल्हान में कोरोना से मौत की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को टाटा मुख्य अस्पताल में चार लोगों की मौत हुई। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले में तीन व सरायकेला-खरसावां जिले में एक मृतक शामिल हैं। सोनारी निवासी 82 वर्षीय वृध्द पुरुष को सांस लेने में परेशानी होने पर बुधवार को उन्हें भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उनका रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, स्थिति भी लगातार बिगड़ते गई। इसके बाद उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। जहां पर शाम करीब चार बजे उनका निधन हो गया। यह लीवर सहित अन्य बीमारी से भी ग्रस्त थे। वहीं, सिदगोड़ा निवासी 57 वर्षीय पुरुष टाटा स्टील का कर्मचारी हैं। इन्हें भी सांस लेने में परेशानी व बुखार था। 18 जुलाई को भर्ती कराया गया था। 19 जुलाई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनको भी वेंटिलेटर पर रखा गया था। मानगो डिमना रोड 57 वर्षीय निवासी महिला के पैर में चोट लगने पर 15 जुलाई को टीएमएच में भर्ती हुई। 16 जुलाई को कोरोना जांच करायी गई। 17 जुलाई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनको वेंटिलेटर पर रखा गया था। गुरुवार की रात आठ बजे उनकी मौत हो गई। तीनों में से किसी की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। तीनों किसी संक्रमित मरीज के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं। वहीं चौथी मौत सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह क्षेत्र के रहने वाले 40 वर्षीय एक व्यक्ति की हुई है। मलेरिया, पीलिया की शिकायत पर उन्हें 18 जुलाई को भर्ती कराया गया था। 20 जुलाई को उनका कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सरायकेला जिले में यह तीसरी मौत है। वहीं, टीएमएच में 23 व महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक की मौत कोरोना से हुई है। बीते एक सप्ताह का आंकड़ा देखा जाए तो रोजाना तीन से चार मरीजों की मौत हो रही है।