JAMSHEDPUR: बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य के स्वास्थ्य व आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बन्ना गुप्ता ने राष्ट्रध्वज फहराया। तिरंगे को सलामी देने और परेड का निरीक्षण करने के बाद गुप्ता ने ओजस्वी भाषण दिया। उन्होंने कहा रामराज्य के हितैषी हम भी हैं, लेकिन यह समझना होगा कि राम ईंट-गारे में नहीं मिलते। राम तो गरीब की आंखों में मिलते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम वह दिन देखना चाहते हैं, जब बिना चप्पल वाला हवाई जहाज पर बैठे। प्रधानमंत्री की कथनी को झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साकार कर दिखाया। उन्होंने सैकड़ों गरीब मजदूरों को लॉकडाउन में हवाई जहाज से लाया। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की है कि जिस झारखंडी भाई को रोजगार नहीं मिलेगा, उसे हम पेंशन देंगे।

दिया गया सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में कई चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों व निकाय के अधिकारियों- कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार स्वास्थ्यकर्मी व सफाईकर्मी सम्मानित किए गए हैं। इस मौके पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार व वरीय पुलिस अधीक्षक एम तमिल वाणन समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिला स्तरीय समारोह जिले में फेसबुक लाइव पर भी देखा गया। कोरोना को देखते हुए जिला प्रशासन ने चु¨नदा लोगों को आमंत्रित किया था।

बचपन का सपना पूरा हुआ

स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि वह बचपन से सपना देखते थे कि एक दिन गोपाल मैदान में झंडा फहराऊंगा, वह आज साकार हो गया। ज्ञात हो कि झारखंड गठन के बाद गोपाल मैदान में राष्ट्रध्वज फहराने वाले बन्ना गुप्ता कांग्रेस के पहले मंत्री भी बन गए। इससे पहले भी हेमंत सोरेन की सरकार में बन्ना गुप्ता चार माह के लिए मंत्री बने थे, लेकिन उसमें स्वतंत्रता दिवस या गणतंत्र दिवस नहीं आया।