-निरोग तन-मन के लिए सैकड़ों लोगों ने जागरण कनेक्शन संग किया योगाभ्यास

JAMSHEDPUR: विश्व योग दिवस पर निरोग तन-मन पाने के लिए सैकड़ों लोगों ने रविवार को एक बार फिर दैनिक जागरण की ओर से निक्को जुबिली पार्क में आयोजित जागरण कनेक्शन में दो घंटे तक योगाभ्यास किया। इस भव्य उत्सव में योग सम्राट अंशु सरकार व योग प्रशिक्षक अरविंद प्रसाद ने लोगों को योग का अभ्यास कराया। योग प्रशिक्षक अरविंद प्रसाद ने कहा कि विश्व योग दिवस के पूर्व भी दैनिक जागरण अपने इस जागरण कनेक्शन में शहर के तमाम क्षेत्रों में आयोजित शिविर में हर आयु वर्ग के लोगों को योगाभ्यास कराया। इससे तमाम लोगों ने लाभ लिया और अब वे अपने घरों में योग कर रहे हैं। मुझे यह कहने में जरा भी हिचक नहीं है कि दैनिक जागरण ने जमशेदपुर को स्वस्थ रखने का बीड़ा उठाया है। निक्को पार्क में योग करने आए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब आप योग को आत्मसात करेंगे तभी आप निरोग होंगे। जीवनशैली में सुधार के साथ ही यदि आप योगाभ्यास कर रहे हैं तो जीवन में कभी डॉक्टर की जरूरत नहीं पड़ेगी। योग के आठ अंग हैं। यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, ध्यान, धारणा और समाधि। इसमें आसन से शरीर सुडौल और लचीला होता है। प्रणायाम से शरीर के आंतरिक व मानसिक रोग दूर होते हैं। प्राणायाम का परिणाम है प्रत्याहार। योग पूरी दुनिया को भारत की बहुत बड़ी देन है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों को प्रति दिन योग करने का संकल्प दिलाया। अरविंद प्रसाद ने भस्त्रिका, कपालभांति, अनुलोम-विलोम व उज्जई प्राणायाम का अभ्यास कराया। इसके बाद योग प्रशिक्षक अंशु सरकार ने लोगों को पद्मासन, उष्टासन, भुजंगासन, उत्कटासन, अर्धनौकासन, ताड़ासन व सुखासन के साथ ही सहज प्राणायाम का अभ्यास कराया। इसके साथ ही उन्होंने आसन, प्राणायाम के अभ्यास से होने वाले फायदे के बारे में भी विस्तार से बताया।

प्रशिक्षकों ने दिए टिप्स

योग प्रशिक्षक धर्मेद्र कुमार, अरविंद प्रसाद व अंशु सरकार ने लोगों को स्वस्थ रहने के क्या-क्या टिप्स दिए, आइए जानते हैं

-जमीन पर बैठकर भोजन करें।

-इससे शरीर की रक्त कणिकाएं पाचन में सहयोग करती हैं।

-भोजन के डेढ़ घंटे बाद पानी पीएं।

-भोजन अच्छी तरह से चबा-चबा कर खाएं।

-सुबह उठकर बिना मुंह धोए पानी पीएं, इसे ऊषापान कहते हैं।

-खाने के तुरंत बाद पानी पीने से अपच, गैस, एसिडिटी सहित कई तरह की बीमारियां हाेती हैं।

मस्ती अौर धमाल भी

चूंकि यह आयोजन जागरण कनेक्शन था, इसलिए इसमें फास्ट स्टेप के सुशांत ने लोगों को जुंबा के साथ चुस्त-दुरुस्त रहने के टिप्स दिए। कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों ने डांस, सिंगिंग, मिमिक्री, चुटकुले और भांगड़ा आदि भी प्रस्तुत किया। यूएन कर्मकार ने अपने जादुई करतबों से लोगों को चमत्कृत किया। कर्माकर इंस्टीट्यूट ऑफ योग द्वारा योग परफार्मेस भी हुआ। टैटू जोन, किड्स जोन और फन गेम्स में बच्चों और महिलाओं ने भरपूर मनोरंजन किया। इस कार्यक्रम के गिफ्ट पार्टनर क्विक मैथ्स थे। बच्चों ने डायनासोर राइडिंग व चिल्ड्रेन कॉर्नर का भी आनंद लिया।

मैंने तमाम आसन और प्राणायाम का अभ्यास किया। पहले ही दिन बेहतर महसूस हुआ। जागरण का यह आयोजन तारीफ के काबिल था।

नीरज

विश्व योग दिवस पर दैनिक जागरण ने योगाभ्यास की बहुत ही बेहतर व्यवस्था की थी। इसके साथ हमें तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलीं।

रून चटर्जी

इस आयोजन में मैंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया। अब मैं घर में भी रोज योग करूंगी। जागरण ने बेहतर अवसर प्रदान किया।

देजरिका

आज भारत के साथ ही पूरी दुनिया के लोगों ने योग का अभ्यास किया। यह देखकर बहुत गर्व महसूस हुआ। मैं रोज घर में योग करूंगी।

सुब्रो