जमशेदपुर (ब्यूरो)। आजादी के पहले की गाडिय़ों को आपने देखा है, अगर नहीं तो आपके पास मौका है। आगामी 25 और 26 फरवरी को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जमशेदपुर क्लासिक, विंटेज कार व बाइक रैली के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। वीकेंड पर आयोजित होने वाला यह आयोजन आपके लिए काफी खास होगा।

मोस्ट डिमांडिंग प्रोग्राम

टाटा स्टील को भारत के खेल, कला और संस्कृति के संरक्षण और पोषण के अपने प्रयासों के तहत 2022 में शुरू की गई जमशेदपुर रैली को न केवल संस्थापक दिवस समारोह के दौरान शहर में, बल्कि भारत में भी सबसे अधिक डिमांडिंग कार्यक्रम बनाने की उम्मीद है। रैली की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि इसके दूसरे संस्करण में भाग लेने वाले वाहनों की संख्या में पहले से दोगुनी वृद्धि नजर आ रही है और यह संख्या 80 से अधिक है।

टीवी नरेंद्रन दिखाएंगे हरी झंडी

इन वाहनों को 25 फरवरी को गोपाल मैदान में प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि टाटा स्टील के सीईओ और प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन 26 फरवरी को कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और जमशेदपुर के प्रमुख स्टोक होल्डर्स की उपस्थिति में रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इस वर्ष भाग लेने वाला सबसे पुराना वाहन 1926 संस्करण का ऑस्टिन 7 होगा, जिसे क्लासिक और विंटेज वाहन के शौकीन लोगों के बीच बेबी ऑस्टिन के रूप में भी जाना जाता है। रैली के दूसरे संस्करण में भाग लेने वाला सबसे कम उम्र का वाहन 1983 का फिएट होगा। ये वाहन न केवल जमशेदपुर के हैं बल्कि रांची, चाईबासा, कोलकाता, बड़ाजामदा और क्योंझर सहित झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल राज्यों के भी वाहन शामिल होंगे।

पिछले साल 40 वाहन थे

कंपनी और टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की दूरदर्शिता और स्मृति का सम्मान करते हुए 183वें संस्थापक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में पिछले साल रैली के पहले संस्करण का आयोजन किया गया था। पिछले साल रैली में 40 से अधिक वाहन शामिल हुए थे।