JAMSHEDPUR: आने वाले चार दिन मानसून की बारिश एकबार फिर लोगों को परेशानी में डाल सकती है। मौसम विभाग की माने तो अगले चार दिनों में रोज झमाझम बारिश होगी। इसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी भी जारी किया है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि 25, 26, 27 और 28 अगस्त को जमशेदपुर समेत पूरे राज्य में बारिश होगी। इस दौरान 25 व 26 को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान वज्रपात होने की भी आशंका है। ऐसा उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब के क्षेत्र के कारण हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने से आने वाले दो दिनों में अधिक सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से मंगलवार को राज्य के दक्षिण और उत्तर-पूर्व के क्षेत्र में भारी बारिश होगी। वहीं 26 को उत्तरी, दक्षिणी व मध्य झारखंड में और 27 को पश्चिम, मध्य व दक्षिणी क्षेत्र में एक-दो स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 28 अगस्त को भी दक्षिणी क्षेत्र के अलावा मध्य व पश्चिमी भागों में बारिश होगी।

बढ़ सकता है नदियों का वाटर लेवल

मौसम विभाग के भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ने की प्रबल संभावना है। बारिश होने से नदियों का जलस्तर बढ़ेगा, ओडिशा के ब्यांगबिल और चांडिल डैम का जलस्तर बढ़ने पर फाटक खोले जाने के बाद शहर में स्वर्णरेखा व खरकई का जलस्तर बढ़ेगा। बारिश होने के बाद शहर के निचले हिस्सों में जलजमाव होगा और अधिक बारिश होने पर बाढ़ आने की भी संभावना रहेगी। ऐसे में कमजोर और कच्च्चे मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

सबसे ज्यादा बारिश जमशेदपुर में

शहर और आसपास के क्षेत्र में सोमवार को भी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान 74.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई, जो पूरे राज्य में सर्वाधिक है। रविवार की देर रात से सुबह तक रूक-रूककर बारिश होती रही। वहीं रविवार को दिन में भी बारिश हुई। वैसे पूर्वी सिंहभूम जिले में इस मानसून अबतक सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। पहली जून से अबतक पूर्वी सिंहभूम जिले की सामान्य बारिश 801.4 मिमी है जबकि इस वर्ष अबतक 955.7 मिमी बारिश हुई है। वहीं सरायकेला-खरसावां जिले में सामान्य से 25 और पश्चिम सिंहभूम जिले में सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश हुई है।

चांडिल डैम से 567.36 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा

सोमवार को चांडिल डैम से स्वर्णरेखा नदी में 567.36 क्यूमेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। डैम के चार फाटक डेढ़-डेढ़ मीटर खोले गए हैं। रेउयिल गेट के माध्यम से नदी 551.26 क्यूमेक और स्लूइस गेट के माध्यम से 16.10 क्यूमेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है, वहीं केनाल से 5.84 क्यूमेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। शाम चार बजे तक डैम का जलस्तर 180.40 मीटर दर्ज किया गया था।