झारखंड मुक्ति मोर्चा का गोपाल मैदान में चल रहा महाअधिवेशन

JAMSHEDPUR: गरीब, आदिवासी व दबे-कुचले हुए लोगों को ठगने का काम कर रही है केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार। यह कहना था सूबे के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन का। हेमंत सोरेन गोपाल मैदान में झामुमो के महाअधिवेशन में भाग लेने शहर आए हैं। हेमंत ने कहा कि स्टेट में जो सरकार चल रही है यह देश की पहली सरकार होगी जो पूरी तरह केंद्र की इशारे पर चल रही। भूमि अधिग्रहण कानून के संबंध में उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने अब तक कोई ब्लू प्रिंट तैयार नहीं की है और न विकास का कोई मैप ही तैयार किया है। केंद्र जैसा चाह रहा राज्य की सरकार वैसे ही काम कर रही।

झामुमो का अधिवेशन के लिए वातानुकुलित पंडाल

झारखंड मुक्ति मोर्चा का गोपाल मैदान में हो रहे महाअधिवेशन में लोगों के बैठने के लिए वातानुकुलित पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल का निर्माण ऐसा है कि जैसे ही पंडाल में प्रवेश करेंगे कांच का दरवाजा लगा हुआ है। अंदर प्रवेश होते ही नजारा व वातावरण इतना सुहावना है कि लगता है कि कोई हील स्टेशन के अंदर आ गए हों। इसके अलावा बैठक में शामिल होने वाले विशिष्ठ अतिथियों के लिए अलग से दो बड़े हॉल बनाए गए हैं। एक रूम जैसे पंडाल में आराम करने के लिए तो दूसरा में बैठक करने के लिए बनाया गया है। बाहर गर्मी से बेहाल झामुमो कार्यकर्ता जैसे ही पंडाल के अंदर प्रवेश कर रहे हैं, ठंड से कांप जा रहे। कई ऐसे कार्यकर्ता थे जो अग्रिम पंक्ति में बैठे थे, लेकिन ठंड के कारण वह पीछे जाने के लिए विवश हो गए।

सिद्धांतों से भटक गया है झामुमो: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने कहा है कि आदिवासी हित की बात करने वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने ही सत्ता हासिल करने के लिए आदिवासियों के हितों को बेचने का काम किया है। भाजपा के प्रवक्ता अनिल मोदी ने कहा है कि जल-जंगल व जमीन की बात करने वाली पार्टी का अधिवेशन एसी पंडाल में हो रहा है। भाजपा को पूंजीपतियों की पार्टी कहने वाली झामुमो नेताओं को बताना चाहिए कि इस कारपोरेट व्यवस्था के पीछे किन थैलीशाह का हाथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे अर्जुन मुंडा की सरकार से झामुमो ने स्थानीयता के नाम पर समर्थन वापस ले लिया था और डेढ़ वर्ष तक शासन करने के बाद भी स्थानीयता नीति तय नहीं कर पाए। झामुमो चाहता है कि आदिवासी का विकास न हो ताकि उनके विकास के नाम पर राजनीति रोटी सेंकते रहें। आज झारखंड में सीमए रघुवर दास विकास के लिए नित नए प्रयास कर रहे हैं।