JAMSHEDPUR: जमशेदपुर में कोरोना ब्लास्ट के कारण जिला प्रशासन का मुख्य कार्यालय जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) व मानगो नगर निगम को तीन दिनों के लिए सील कर दिया गया है। जेएनएसी के स्पेशल ऑफिसर कृष्ण कुमार ने बताया कि कार्यालय को तीन दिनों के लिए कार्यालय को बंद कर दिया गया है। हालांकि लोगों की शिकायत के लिए लेटर बॉक्स रख दिया गया है, ताकि जरूतमंद अपनी शिकायत पत्र के माध्यम से दर्ज करा सकें।

कर्मचारी दहशत में

स्पेशल ऑफिसर ने बताया कि जेएनएसी का कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला, जबकि मानगो नगर निगम के सिटी मैनेजर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। चूंकि दोनों ही नगर निकाय के कर्मचारी आम जनता से सीधे जुड़े हुए थे। यही कारण है कि दोनों ही नगर निकाय के सभी कर्मचारी दहशत में आ गए। दोनों ही नगर निकायों को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। इन तीन दिनों में नगर निकाय को पूरी तरह से सेनेटाइज किया जाएगा। इसके अलावा सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा।

हो जाएगी परेशानी

जेएनएसी हो या मानगो नगर निगम कोरोना की रोकथाम में प्रशासन का हाथ-पैर है। कहीं भी कोरोना मरीज की जांच, इलाज, कंटेनमेंट जोन बनाने, राशन से लेकर साफ-सफाई व सेनिटाइजेशन से लेकर शव जलाने तक की जिम्मेवारी नगर निकाय के कर्मचारियों के कंधे पर ही रहती है। यदि नगर निकाय ही बंद हो जाएगा तो आम जनता के सामने विकट समस्या खड़ी हो जाएगी।

चला विशेष सैनिटाइजेशन अभियान

जमशेदपुर के तीनों नगर निकायों मानगो नगर निगम, जेएनएसी और जुगसलाई नगर परिषद द्वारा विशेष सैनिटाजेशन अभियान चलाया गया। मानगो के सभी कंटेनमेंट जोन के अलावा बाजारों, सरकारी कार्यालयों में सेनेटाइज किया गया। वहीं जेएनएसी द्वारा एसएसपी ऑफिस, डीसी ऑफिस लेकर बाजारों व चौक चौराहों में सैनिटाइज कराया गया। वहीं जुगसलाई नगर परिषद की ओर से सैनिटाइजेशन के साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए माइक से लोगों को कोरोना से बचाव के संबंध में जानकारी दी गयी।