जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना से मौत का सिलसिला जारी है। सोमवार को फिर एक मरीज की मौत हुई। घाटशिला निवासी (75) पुरुष का इलाज ब्रह्मानंद नरायणा अस्पताल में चल रहा था। जिले में अभी तक कुल 1052 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, सोमवार को कुल तीन हजार 617 लोगों की जांच हुई। इसमें छह संक्रमित मिले। सबसे अधिक मानगो में चार, चाकुलिया में एक व मुसाबनी में एक मरीज मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 600 हो गई है।

लिया गया सैंपल

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से सोमवार को कुल छह हजार 35 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट बुधवार तक आने की संभावना है। जिले में अभी तक कुल 11 लाख 12 हजार 454 लोगों का नमूना लिया जा चुका है।

11 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 11 मरीज सोमवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 484 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिला का रिकवरी रेट 97.85 प्रतिशत है।

बॉक्स करें

ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को कुल दो हजार 686 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। वहीं, एक हजार 831 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली है। जिले में अभी तक कुल पांच लाख 61 हजार 953 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। जबकि एक लाख 31 हजार 632 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नहीं मिला एक भी पॉजिटिव

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को सुबह व शाम, दो पालियों में 165 यात्रियों की कोविड टेस्ट हुई लेकिन राहत की बात रही कि एक भी यात्री कोविड पॉजिटिव नहीं मिला। कोविड 19 के तीसरे वेव में डेल्टा म्युटेंट को लेकर सिविल डिफेंस व जिला स्वास्थ्य विभाग सावधानी बरत रही है। ऐसे में हर दिन मुंबई, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़, बिहार से आने वाले यात्रियों का अनिवार्य रूप से कोविड टेस्ट कराया जा रहा है। टाटानगर रेलवे स्टेशन में अंतिम बार 28 जून को नई दिल्ली से आए एक यात्री कोविड पॉजिटिव मिला था। उसके बाद से अब तक एक भी यात्री कोविड पॉजिटिव नहीं मिला है।