जमशेदपुर (ब्यूरो): शहर के हर क्षेत्र में बिजली की किल्लत है। घंटों बिजली की कटौती से गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बिजली न होने के कारण पानी की आपूर्ति में भी परेशानी हो रही है। ऐसे में मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने मानगो बिजली विभाग के कार्यालय के समक्ष जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद भाजपा नेता विकास सिंह ने कार्यपालक अभियंता को कार्यालय में जाने से रोक दिया। इसके साथ ही इस भरी गर्मी में आग जलाकर कार्यालय में बैठे अभियंताओं को ताप देकर उनको गर्मी का एहसास कराया और बताया कि बिजली न रहने के कारण लोगों को कितनी परेशानी हो रही है।

चरमरा गई है व्यवस्था

एक सप्ताह से मानगो में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है। 24 घंटे में मात्र पांच से छह घंटे ही लोगों को बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इस कारण भीषण गर्मी में लोगों का बहुत बुरा हाल हो गया है। सोमवार की रात बिजली ने पूरे मानगो को रुलाया। पूरी रात मात्र एक से दो घंटे ही लोगों को बिजली मिली। इससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चे और बुजुर्गों को हुई।

पानी की भी दिक्कत

बिजली की आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पाने के कारण लोगों को पानी की भी दिक्कत हो गई है। बिजली आपूर्ति से परेशान मानगो के उपभोक्ताओं ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क कर अपनी परेशानी से अवगत कराया। लोगों ने कहा कि पूरी रात लोगों ने बिजली विभाग के अभियंताओं को फोन किया पर किसी ने फोन नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि उनलोगों ने विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को भी दर्जनों बार फोन किया पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर फेज कट जा रहा है तो उसे बनाने में सात से आठ घंटे लग रहे हैैं। ट्रांसफार्मर जलने के बाद पूरा दिन बीत जाने के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है, इस भीषण गर्मी में लोगों का एक पल भी समय काटना मुश्किल हो गया है। भाजपा नेता विकास सिंह मंगलवार को भुक्तभोगी उपभोक्ताओं के साथ मानगो के डिमना बस्ती स्थित कार्यपालक अभियंता कार्यालय पहुंचे और जमकर बवाल काटा।

रोक लिया रास्ता

इस बीच सुबह 10.30 बजे कार्यपालक अभियंता अजय कुमार जब अपने कार्यालय में प्रवेश कर रहे थे तब मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं के साथ खड़े भाजपा नेता विकास सिंह ने उनका रास्ता रोक दिया और कार्यालय में जाने नहीं दिया। विकास सिंह ने कहा कि पहले बताइए कि उपभोक्ताओं को फुल लोड बिजली कब से मिलेगी। विकास सिंह ने कहा कि पूरे देश में सबसे महंगी बिजली झारखंड में है। केवल 5000 बिल बकाया रहने पर उसी दिन विभाग द्वारा बिजली काट दी जाती है। ऐसे में बिजली की आपूर्ति अगर विभाग नहीं कर रहा है, तो यह आम जनता के साथ अपराध है।

दिलाया भरोसा

कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने भरोसा दिलाया एक से दो दिनों के अंदर मानगो के लोगो को फुल लोड बिजली दी जाएगी। कार्यपालक अभियंता का आश्वासन मानते हुए उन्हें कार्यालय में जाने दिया गया, इसके बाद कार्यालय में बैठे अभियंताओं को सांकेतिक रूप से कार्यालय के बाहर टायर जलाकर आग का ताप देते हुए गर्मी का एहसास कराया गया। विकास सिंह ने कहा कि आग की तपिश क्या होती है इसका अंदाजा वातानुकूलित कक्ष में बैठे हुए अभियंताओं को नहीं है।

जमकर की नारेबाजी

विकास सिंह ने कहा कि बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं होगी तो आंदोलन अब कार्यालय के बदले एन एच-33 में होगा। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग एवं विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

इनकी रही मौजूदगी

मौके पर विकास सिंह, अमरिंदर पासवान, राकेश लोधी, दुर्गा दत्ता, मनोज ओझा, अजय लोहार, अंबिका पांडे, जीतू गुप्ता, संदीप शर्मा, मधु सिन्हा, संजू सिंह, पंकज सुमन शर्मा, पंकज गुप्ता, मनोज ठाकुर, जय प्रकाश निराला, राज बीर सिंह, देवंती देवी, पुष्पा देवी, लाजवंती देवी, हीरा देवी, पार्वती देवी, विजय महतो सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।