CHAIBASA: चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायकेला मोड़ के पास बेकाबू ट्रक ने 7वीं की छात्रा को कुचल डाला। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा गुरुवार की सुबह 7.45 बजे हुआ। मृत छात्रा की पहचान चाईबासा के स्कॉट बालिका विद्यालय के कक्षा सात बी सेक्शन की विमला बारी के रूप में हुई। घटना के बाद आक्रोशित सैकड़ों स्थानीय महिला-पुरूषों ने चाईबासा-चक्रधरपुर एनएच 75 को जाम कर दिया। इस दौरान घटना और सड़क जाम को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई। आक्रोशित लोगों को पुलिस समझाने का पूरा प्रयास करती रही मगर लोग शहर में दिन में नो इंट्री लगाने की मांग पर अड़े रहे। छात्रा के परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण पुलिस ने भी शव को हटवाकर सड़क जाम खुलवाने की जल्दी नहीं की। सुबह करीब 10.30 बजे छात्रा के जीजा और बहन घटनास्थल पहुंचे।

हंगामा करने लगे लोग

पुलिस शव को हटवाने लगी तो लोग हंगामा करने लगे। कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी कर दी। भीड़ को उग्र होते देख डीएसपी मुख्यालय प्रकाश सोय ने पुलिस को भीड़ को हटवाने का आदेश दे दिया। इसके बाद जवानों ने लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान भी कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। हालांकि कोई भी जवान इसमें चोटिल नहीं हुआ। वहीं, कई महिला-पुरुष को पुलिस की लाठियां पड़ीं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

भीड़ के हटने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस मंगवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवा दिया। सुबह 7.45 बजे से दोपहर 11 बजे तक सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा। रांची व सरायकेला से चाईबासा आने वाली बसें भी जाम में फंसी रहीं।