छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: बेकाबू कार ने मानगो ब्रिज पर बुलेट सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस हादसे में बुलेट सवार की मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट सोमवार की दोपहर करीब दो बजे हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बुलेट पर सवार दोनों लोगों को दोनों घायलों को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने बुलेट चला रहे 56 वर्षीय ट्रांसपोर्टर गुरुनाम सिंह सिद्धू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक के पीछे बैठे मृतक के दोस्त सतबीर सिंह सत्ते गंभीर रूप से घायल हैं। सतबीर सिंह के सिर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें ट्रीटमेंट के लिए टीएमएच के एचडीयू वार्ड में एडमिट किया गया है। मृतक के शव को टीएमएच के शवगृह में रखा गया है।

मौके पर ही हुई मौत

साकची गुरुद्वारा के ट्रस्टी कपूर सिंह के बेटे व कालीमाटी रोड स्थित गुरुद्वारा बस्ती के हेमसिंह बगान एरिया के निवासी गुरुनाम सिंह सिद्धू कालीमाटी रोड स्थित सिद्धू ट्रेलर सर्विस ट्रांसपोर्ट ओनर थे। घटना के वक्त वे साकची से अपने दोस्त सतबीर सिंह सत्ते के साथ एनएच-33 स्थित हाइवे पर खड़े ट्रक-ट्रेलर को देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान मानगो मेन ब्रिज पर हादसा हो गया। गुरुनाम सिंह के सिर व पेट में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गुरुनाम सिंह सिद्धू अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। गुरुनाम सिंह का बड़ा बेटा राजदीप सिंह उनके ट्रांसपोर्ट के कारोबार की देखभाल करता है। जबकि छोटा बेटा विक्की अपनी पढ़ाई पूरी कर दुबई में होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग कर रहा है। उनकी छोटी बेटी वीमेंस कॉलेज की स्टूडेंट है। गंभीर रूप से घायल सतबीर सिंह कालीमाटी रोड स्थित गुरुद्वारा बस्ती के सोहन सिंह बगान एरिया निवासी हैं। उनका भी अपना ट्रक-ट्रेलर का कारोबार है।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक गुरुनाम सिंह सिद्धू के परिजन समेत सिख समाज के कई लोग टीएमएच पहुंच गये। इस दौरान मृत की पत्नी और बेटी का रो-रो कर बुरा हाल हो था।

सीसीटीवी में कैद नहीं हुई घटना

घटना के बाद गुरनाम सिंह के भाई हादसे का कारण जानने के लिए सीसीआर में लगे सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम गए। काफी देर तक हादसे का कारण जानने का प्रयास किया, लेकिन सीसीटीवी कैमरा की पहुंच घटनास्थल तक नहीं थी। इस वजह से तस्वीरें कैमरा में कैद नहीं हो पाईं।

अंतिम संस्कार आज

गुरनाम सिंह के भाई खजान सिंह ने बताया कि गुरनाम सिंह का शव का अंतिम संस्कार मंगलवार को भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा घाट में किया जायेगा।