CHAIBASA: शहर के बन रहे कलवर्ट लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। ठेकेदार कलवर्ट बनाने के लिए बिना सामान गिराए खुदाई की जा रही है। इससे लोगों का आना-जाना बंद हो जा रहा है। कई जगह खोद कर छोड़ दिए गए गड्ढे सप्ताहभर तक ऐसे ही पड़े रहते हैं। इसके बाद बालू व पत्थर का गिरना शुरू होता है। जहां भी कलवर्ट बन रहा वह रास्ता बंद हो रहा है। इसको देखने के लिए न जिला प्रशासन के पास समय है न ही नगर पर्षद के पास। टेलीफोन एक्सचेंज के सामने कलवर्ट बनाने के लिए एक हफ्ते पहले गड्ढा खोदा गया। अभी सिर्फ बालू व पत्थर गिराया गया है। अब इसका काम कब चालू होगा इसका कोई अता-पता नहीं है। यहां पर कई लोग गड्ढे में गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों में कलवर्ट बनाने वाले नगर पर्षद व ठेकेदार के प्रति आक्रोश है। इसी तरह सोनारपटटी गली में भी कलवर्ट बनाने के लिए गड्ढा खोद दिया गया है। यहां पर तो ठेकेदार द्वारा मैटेरियल तक भी नहीं गिराया गया है। दोनों कलवर्ट शहर के बीचों बीच हैं। दोनों रास्तों पर लोगों का दिन भर आना-जना लगा रहता है।

-----

शहर में जो भी कलवर्ट बनाने का काम चल रहा है उनमें जब तक मैटेरियल न गिराया जाय तब तक ठेकेदार को गड्ढा नहीं कर छोड़ना चाहिए। स्थानीय लोगों की शिकायतें मिली हैं। ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। ठेकेदार जल्द काम शुरू करें नहीं तो उनका बिल रोक दिया जाएगा।

नीला नाग, नगर पर्षद अध्यक्ष

--------------

कलवर्ट बनाने की योजना स्वीकृति ही गलत हुई है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। शहर में गलत ढंग से कलवर्ट बनाकर जबरदस्ती थोपा जा रहा है। सरकार का करोड़ों रुपए राजस्व का नुकसान हो रहा है। स्थानीय दुकानदारों में कलवर्ट बनाने की गति को लेकर काफी आक्रोश है।

मनीष चौबे, स्थानीय निवासी

शहर में कलवर्ट बनाना गलत नहीं है लेकिन समय पर काम ठेकेदार को शुरू कर देना चाहिए। एक सप्ताह से गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। लोग रोजाना गिरकर जख्मी हो रहे हैं। इसको देखने के लिए न जिला प्रशासन के पास थोड़ा सा समय है न ही नगर पर्षद। टेलीफोन एक्सचेंज जाने वाली सड़क पर दिन-भर हजारों लोगों का आना-जाना रहता है।

-दुर्गेश खत्री, स्थानीय निवासी।