-एक साथ तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां हैं समाहित

JAMSHEDPUR: साकची स्थित होटल जीवा में रविवार को आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि खाद्य आपूर्ति व संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय, विशिष्ट अतिथि एसएसपी अनूप टी मैथ्यू, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, दैनिक जागरण झारखंड के मार्केटिंग हेड संजय प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दैनिक जागरण की दिग्दर्शिका 'जमशेदपुर यात्रा' का लोकार्पण किया। मुख्य अतिथि सरयू राय ने कहा कि दैनिक जागरण की यह दिग्दर्शिका महत्वपूर्ण सूचनाओं, जमशेदपुर सहित झारखंड के समृद्ध इतिहास और वर्तमान की झांकियों का अनूठा संग्रह है। दैनिक जागरण ने अपने इस उपयोगी प्रकाशन में एक साथ तमाम महत्वपूर्ण जानकारियों को समाहित किया है। इसमें सभी जिलों की विशेषताएं हैं। समाज के अधिकांश क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सूचनाएं हैं और राज्य के तमाम सरकार गैर सरकार संस्थाओं-संगठनों की जरूरी जानकारियां इसमें समाहित की गई हैं। ऐसे महत्वपूर्ण प्रकाशन के लिए दैनिक जागरण को बधाई और शुभकामना।

जागरण को दी बधाई

विशिष्ट अतिथि एसएसपी अनूप टी मैथ्यू ने कहा कि जमशेदपुर यात्रा जैसी महत्वपूर्ण डायरेक्ट्री के प्रकाशन के लिए दैनिक जागरण को बधाई है। रूटीन वर्क से अलग हटकर दैनिक जागरण ने यह अनूठा प्रयास किया है। यह एकदम नया और बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने कहा कि अखबार एक ऐसा उत्पाद है जो लागत से बहुत ही कम कीमत पर पाठकों को उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में दैनिक जागरण ने बेहतरीन प्रयास किया है। विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि दैनिक जागरण 'पत्र ही नहीं मित्र भी' की उक्ति को निरंतर चरितार्थ करता आ रहा है। दैनिक जागरण में अनुशासन सर्वोपरि है। ऐसा वह इसलिए कह सकते हैं क्योंकि उनके लंबे समय से दैनिक जागरण से संबंध रहे हैं। जागरण की टीम हमेशा अंतिम आदमी तक पहुंचने की कोशिश में रहती है। यही कारण है कि दैनिक जागरण लगातार कई वर्षो से देश का नंबर एक अखबार है। यात्रा जमशेदपुर के प्रकाशन के लिए जागरण को बधाई। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक केके झा ने किया। अतिथियों का स्वागत दैनिक जागरण जमशेदपुर के मार्केटिंग हेड मनोज सिन्हा ने किया। कार्यक्रम के दौरान देव म्यूजिक ग्रुप के कलाकार देव ने अपने गीतों के जरिए लोगों का मनोरंजन किया। अंत में दैनिक जागरण परिवार के वरिष्ठ सदस्य ईश्वर कृष्ण ओझा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।