जमशेदपुर (ब्यूरो)। सरायकेला के भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में तेजस्विनी परियोजना अंतर्गत एक दिवसीय सम्मेलन सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री जोबा मांझी, विशिष्ट अतिथि सरायकेला जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद अध्यक्ष पूर्वी सिंहभूम एवं महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव छवि रंजन, कृपा नंद झा, अर्चना मेहता, सरायकेला उपायुक्त अरवा राजकमल, पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त विजया जाधव, सरायकेला एसपी आनंद प्रकाश सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रच्वलित कर किया। इसके बाद मंत्री ने वहां लगे सभी स्टाल का बारी-बारी निरीक्षण किया गया।

प्रोजेक्ट का लाभ उठाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जोबा मांझी ने उपस्थित किशोरियों, तेजस्वी क्लब के सदस्यों से इस परियोजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कौशल विकास विभाग को भी इस परियोजना से जोड़ा गया है, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर हों और उनका पलायन रुके। कहा कि विश्व बैंक के सहयोग से राज्य के 17 जिलों में इस परियोजना का संचालन किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसे सभी 24 जिलों में संचालित करने की तैयारी की है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल जमशेदपुर एवं सरायकेला तेजस्विनी क्लब की सदस्यों का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक इस परियोजना से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की।

8000 से ज्यादा किशोरियां

कार्यक्रम में 8000 से अधिक किशोरियां उपस्थित थीं। महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा सचिव कृपानंद झा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं का सामाजिक विकास करते हुए आर्थिक रूप से मजबूत बनाना ही तेजस्विनी परियोजना का उद्देश्य है। कहा कि महिलाएं न केवल परिवार बल्कि समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। श्री झा ने तेजस्विनी परियोजना के तहत बाल विवाह पर रोक लगाने एवं जो बच्चियां विद्यालय नहीं जाती हैं उन्हें अधिक से अधिक संख्या में विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने डायन कुप्रथा पर भी रोक लगाने की बात कही।

जिले में 688 तेजस्वी क्लब

बता दें कि सरायकेला जिले में 688 तेजस्वी क्लब संचालित हो रहे हैं। उन्होंने दोनों जिलों के उपायुक्त से क्लब की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। इससे पूर्व मंत्री ने विभाग द्वारा लगाए स्टॉल का निरीक्षण किया और जानकारी हासिल की। वहीं मंत्री द्वारा जिले के सभी प्रखंडों के लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त मेगा इवेंट में कलाकारों के द्वारा मानभूम शैली में छऊ की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों द्वारा कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। वहीं सराययकेला एवं पूर्वी सिंहभूम क्षेत्र के जुड़ी तेजस्वीनी परियोजना के विभिन्न क्लब से जुडी किशोरियों ने अपने अपने अनुभव साझा किए।