जमशेदपुर (ब्यूरो): गम्हरिया इंडस्ट्रियल एरिया में तेंदुआ दिखने के बाद से लोगों में दहशत है। वन विभाग लगातार तेंदुआ को पकडऩे का प्रयास कर रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सरायकेला वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने पब्लिक नोटिस जारी कर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। जारी सूचना में कहा गया है कि आरएसबी यूनिट 1 कंपनी में तेंदुआ देखा गया है। इसके बाद से वन विभाग द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

लोगों से अपील

तेंदुआ से खतरे को देखते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी ने गम्हरिया औद्यौगिक क्षेत्र और उसके आस-पास स्थित सभी औद्यौगिक इकाइयों और रिहायशी इलाकों में लोगों से रात के समय बाहर न निकलने की अपील की है। लोगों से जरूरी होने पर 2-3 की संख्या में या फिर चौपहिया वाहन का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

यहां करें संपर्क

तेंदुआ के दिखने पर वन विभाग को जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है। इसके लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी को 9421996824, वन क्षेत्र पदाधिकारी 9771283269, वनपाल देवेंद्र नाथ टुडू 915573176, वनपाल सुनील कुमार महतो 9556482889 और सहायक प्रेम चंद्र कुंभकार को 9608193015 पर सूचना देने को कहा गया है।

नहीं चल रहा है पता

पहले दिन तेंदुआ आरएसबी में दिखा, इसके बाद उसके निशान अलग-अलग कंपनियों में देखने को मिले। एक दिन पहले तेंदुआ वेबको कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, लेकिन रेस्क्यू टीम को कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

कई स्कूलों के क्लास सस्पेंड

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए गम्हरिया क्षेत्र की कई स्कूलों ने कक्षा सस्पेंड कर छुट्टी की घोषणा कर दिया है। गम्हरिया स्थित केरला पब्लिक स्कूल, गम्हरिया इंग्लिश स्कूल, जनता मध्य विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर आदि ने नर्सरी से लेकर दसवीं तक की कक्षा सस्पेंड कर विद्यालय बन्द होने की सूचना अभिभावकों को भेज दिया है।